सरगुजा अंचल में बही निर्गुणभक्ति की रसधारा, कुनकुरी कबीर आश्रम में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई कबीर जयंती, महंत सुकुल दास दामाखेड़ा संघ मंडली के प्रवचनों से गूंजा आश्रम परिसर
कुनकुरी,
कुनकुरी स्थित कबीर आश्रम में संत शिरोमणि कबीर साहेब की जयंती श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं कबीर पंथ के अनुयायी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में दामाखेड़ा संघ मंडली के पूज्य महंत सुकुल दास जी विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने कबीर साहेब के जीवन, उनके उपदेशों तथा मानवता, प्रेम, सत्य और सद्भाव के संदेश पर आधारित प्रेरणादायक प्रवचन दिए।
महंत ने कहा कि कबीर साहेब की वाणी आज भी समाज को अंधविश्वास, भेदभाव और कुरीतियों से दूर रहकर सत्य और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।
कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन, सत्संग एवं कबीर वाणी का गायन हुआ, जिससे पूरा आश्रम भक्तिमय वातावरण में डूब गया। श्रद्धालुओं ने संत कबीर के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। अंत में सामूहिक आरती के पश्चात प्रसाद वितरण किया गया।
कबीर जयंती समारोह में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, कबीर पंथ के अनुयायी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।