डीजल-खाद संकट पर कांग्रेस का हल्लाबोल, फरसाबहार में धरना देकर मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

डीजल-खाद संकट पर कांग्रेस का हल्लाबोल, फरसाबहार में धरना देकर मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

फरसाबहार, जशपुर। देशभर में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों, किसानों को खाद-बीज की कमी तथा कथित कालाबाजारी के विरोध में सोमवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी फरसाबहार के नेतृत्व में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की।

धरना स्थल पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर किसानों, युवाओं और आम जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। वक्ताओं ने कहा कि जिले में डीजल की उपलब्धता प्रभावित होने से पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं, वहीं खाद की पर्याप्त आपूर्ति नहीं होने से किसान परेशान हैं।

कार्यक्रम को ब्लॉक अध्यक्ष पुरन वर्मा, जिला उपाध्यक्ष एवं फरसाबहार प्रभारी सुमित शर्मा, जिला उपाध्यक्ष नवीना पैकरा, ब्लॉक उपाध्यक्ष अमर कुमार सोनी, ब्लॉक सचिव दुर्गेश बाजपेई, शेखर चौहान, किशन सिंह, राजू श्रीवास और दोमनिक मिंज सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि फरसाबहार मुख्यालय के समीप निर्मित सीसी सड़क कुछ ही महीनों में उखड़ने लगी है, जिससे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। साथ ही उन्होंने क्षेत्रीय अधिकारियों पर समस्याओं के प्रति उदासीन रहने का आरोप लगाया।

धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फरसाबहार एपेक्स बैंक का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बैंक में किसानों की लंबी कतारें देखी गईं। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि बैंक में सीमित लोगों को अंदर प्रवेश देकर दरवाजा बंद कर दिया जाता है, जिससे किसान तेज धूप में घंटों इंतजार करने को मजबूर हैं। 

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बैंक परिसर में पेयजल व्यवस्था की कमी पर भी सवाल उठाए और बैंक प्रबंधन से तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं किसान उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post