जशपुर को मिली विकास की नई रफ्तार: धरमजयगढ़–पत्थलगांव–लोहरदगा रेल परियोजना बनी ऐतिहासिक आधारशिला – सुनील गुप्ता
विशेष रेल परियोजना के रूप में अधिसूचना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जताया आभार, कहा– जशपुर का वर्षों पुराना सपना होगा साकार।
जशपुरनगर। धरमजयगढ़–पत्थलगांव–लोहरदगा नई रेल लाइन परियोजना को केंद्र सरकार द्वारा विशेष रेल परियोजना के रूप में अधिसूचित किए जाने पर भाजपा के सरगुजा सह प्रभारी एवं जशपुर के पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने इस निर्णय को जशपुर जिले के विकास की दिशा में ऐतिहासिक और दूरगामी महत्व का कदम बताया है।
सुनील गुप्ता ने कहा कि लंबे समय से रेल संपर्क की प्रतीक्षा कर रहे जशपुरवासियों का सपना अब साकार होने जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूरा होने से पहली बार जशपुर जिला सीधे राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जुड़ सकेगा, जिससे क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विशेष प्रयासों तथा केंद्र सरकार के सहयोग से यह बहुप्रतीक्षित परियोजना अब धरातल पर उतरने की दिशा में आगे बढ़ रही है। रेल लाइन के निर्माण से जशपुर जिले में व्यापार और उद्योग को बढ़ावा मिलेगा, वहीं पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं तक लोगों की पहुंच भी अधिक आसान होगी।
सुनील गुप्ता ने कहा कि बेहतर रेल संपर्क से स्थानीय किसानों, व्यापारियों और उद्यमियों को अपने उत्पादों के परिवहन में सुविधा मिलेगी। साथ ही जिले के युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। इससे जशपुर सहित पूरे उत्तर छत्तीसगढ़ के आर्थिक परिदृश्य में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश के दूरस्थ, वनांचल और आदिवासी बहुल क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है। धरमजयगढ़–पत्थलगांव–लोहरदगा रेल परियोजना उसी दूरदर्शी सोच और विकासवादी संकल्प का परिणाम है।
सुनील गुप्ता ने कहा कि यह परियोजना केवल एक रेल लाइन नहीं है, बल्कि जशपुर और पूरे उत्तर छत्तीसगढ़ की प्रगति, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला है। आने वाले वर्षों में यह परियोजना क्षेत्र के विकास का नया अध्याय लिखेगी और लाखों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाएगी।
उन्होंने जशपुर जिले की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सौगात आने वाली पीढ़ियों के लिए विकास का नया द्वार खोलेगी।