युवाओं ने सोशल मीडिया के जरिए रील बनाकर दिया सड़क सुरक्षा का संदेश, जशपुर पुलिस ने किया सम्मानित,

युवाओं ने सोशल मीडिया के जरिए रील बनाकर दिया सड़क सुरक्षा का संदेश, जशपुर पुलिस ने किया सम्मानित,
"सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा" प्रतियोगिता के विजेताओं को मिला नकद पुरस्कार, हेलमेट और प्रमाण-पत्र

जशपुर। सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति आमजन, विशेषकर युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस द्वारा आयोजित "सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा" थीम आधारित द्वितीय चरण की रील मेकिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को मंगलवार को पुलिस कार्यालय जशपुर में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विजेताओं को नगद पुरस्कार, हेलमेट, प्रमाण-पत्र एवं 3 लीटर पेट्रोल प्रदान कर उनके रचनात्मक प्रयासों की सराहना की गई।

डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिलेभर में हेलमेट एवं सीट बेल्ट जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत रील मेकिंग एवं सेल्फी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं और आम नागरिकों ने भाग लेकर सड़क सुरक्षा संबंधी संदेशों को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया।

रील मेकिंग प्रतियोगिता में विष्णु बागान निवासी शिक्षक सैयद कैसर हुसैन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्हें ₹2001 नगद पुरस्कार एवं हेलमेट प्रदान किया गया। वहीं जशपुर निवासी मनोज कुशवाहा ने द्वितीय स्थान हासिल कर ₹1001 नगद पुरस्कार एवं हेलमेट प्राप्त किया। नवाटोली निवासी अक्षय कुमार यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त करते हुए ₹501 नगद पुरस्कार एवं हेलमेट हासिल किया।

सम्मान समारोह के दौरान विजेताओं ने सड़क सुरक्षा के प्रति अपने अनुभव और विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। प्रतिभागियों ने युवाओं से सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग कर सड़क सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की अपील भी की।

इस अवसर पर डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का संकल्प है। उन्होंने कहा कि जशपुर पुलिस सड़क सुरक्षा को जन आंदोलन का स्वरूप देने के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम चला रही है। रील मेकिंग और सेल्फी प्रतियोगिता जैसे रचनात्मक प्रयासों से युवा वर्ग यातायात नियमों के प्रति जागरूक हो रहा है और सकारात्मक सोच विकसित कर रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, उप पुलिस अधीक्षक के.आर. चौहान, विजेताओं के परिजन एवं साथीगण भी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post