दोकड़ा में आस्था का महासंगम 16 जुलाई को, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय निभाएंगे गजपति महाराज की परंपरा।
दोकड़ा, जशपुरनगर। ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ मंदिर दोकड़ा में आयोजित होने वाले रथ यात्रा महोत्सव–2026 की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक एवं भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। रथ सज्जा, पूजा-अर्चना, श्रद्धालुओं की सुविधाओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर मंदिर समिति युद्धस्तर पर तैयारियों में जुटी हुई है। इस वर्ष महोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
मंदिर समिति के अनुसार 14 जुलाई को नेत्र उत्सव एवं नवयौवन दर्शन के साथ धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ होगा। इसके बाद 16 जुलाई को भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा की भव्य रथ यात्रा पूरे श्रद्धा, उत्साह और पारंपरिक वैभव के साथ निकाली जाएगी।
रथ यात्रा के मुख्य अतिथि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उनकी धर्मपत्नी कौशल्या साय होंगे। दोनों पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार मंदिर की प्राचीन गजपति महाराज परंपरा का निर्वहन करेंगे, जो इस वर्ष के महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण रहेगा।
रथ यात्रा महोत्सव के दौरान प्रतिदिन ओडिशा की प्रसिद्ध कीर्तन मंडलियों द्वारा भजन-कीर्तन, धार्मिक प्रवचन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। साथ ही रंगोली, चित्रकला, लिटिल चैंप, फूल-माला प्रतियोगिता सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों का आयोजन होगा। श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन महाप्रसाद वितरण की भी विशेष व्यवस्था रहेगी।
महोत्सव के अंतर्गत 24 जुलाई को बाहुड़ा यात्रा, 25 जुलाई को सुना वेश, 26 जुलाई को अधर पाना तथा 27 जुलाई को नीलाद्री विजय के साथ आयोजन का विधिवत समापन होगा।
17 से 21 जुलाई तक होगी श्री जगन्नाथ कथा
मंदिर आयोजन समिति ने बताया कि 17 से 21 जुलाई तक प्रतिदिन अपराह्न 3:30 बजे से शाम 7:30 बजे तक मौसी बाड़ी समीप मिडिल स्कूल प्रांगण में श्री जगन्नाथ कथा का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उनकी धर्मपत्नी कौशल्या साय के विशेष सानिध्य में छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध कीर्तनकार एवं कथा वाचक कामता प्रसाद शरण श्रद्धालुओं को श्री जगन्नाथ महाप्रभु की दिव्य कथा का श्रवण कराएंगे।
मंदिर समिति ने क्षेत्र एवं आसपास के सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार रथ यात्रा, कथा एवं समस्त धार्मिक आयोजनों में शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु का आशीर्वाद एवं पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।