कुनकुरी। कुनकुरी नगर में रविवार दोपहर तेज रफ्तार ने एक और युवा की जिंदगी छीन ली। रेस्ट हाउस के सामने हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक चालक 18 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना दोपहर करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, युवक अपनी तेज रफ्तार बाईक एच.एफ. डीलक्स (क्रमांक CG14MH 5274) से गुजर रहा था। इसी दौरान रेस्ट हाउस के सामने अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसा इतना भीषण था कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। वहीं मृतक की पहचान अभिषेक नायक (18 वर्ष), पिता स्वर्गीय शिवशंकर नायक, निवासी राझाडांड़, थाना कुनकुरी के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया प्रारंभिक जांच में दुर्घटना की एक बड़ी वजह तेज रफ्तार प्रतीत हो रहा है, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के गंभीर खतरे को सामने ला दिया है।
कुनकुरी पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित गति से हेलमेट लगाकर वाहन चलाने की अपील की है।