शादी का झांसा, दुष्कर्म और नाबालिग का शोषण: जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कुनकुरी - तपकरा से दो आरोपी गिरफ्तार।
जशपुर, 03 अगस्त 2026। जशपुर पुलिस ने महिलाओं एवं नाबालिग बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों पर सख्त कार्रवाई करते हुए थाना कुनकुरी और थाना तपकरा क्षेत्र के दो अलग-अलग मामलों में दुष्कर्म के आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। दोनों मामलों में आरोपियों पर शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण करने के गंभीर आरोप हैं।
कुनकुरी में विधवा महिला से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म
थाना कुनकुरी क्षेत्र की 27 वर्षीय पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पति की मृत्यु के बाद वह अपने बच्चों के साथ मायके में रह रही थी। वर्ष 2021 में उसकी मुलाकात सत्यनारायण राम (30) से हुई। आरोप है कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर वर्ष 2024 से उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान पीड़िता ने एक बच्चे को भी जन्म दिया। जब उसने शादी करने की बात कही तो आरोपी ने इंकार कर दिया।
पीड़िता की शिकायत पर थाना कुनकुरी पुलिस ने बीएनएस की धारा 69 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। मामले की विवेचना जारी है।
तपकरा में नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले गया, तीन दिन तक किया दैहिक शोषण
दूसरे मामले में थाना तपकरा क्षेत्र की 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को आरोपी आदर्श भगत (19) मेला दिखाने के बहाने मोटरसाइकिल से अपने साथ ले गया। आरोप है कि आरोपी ने शादी और प्रेम का झांसा देकर बालिका को तीन दिन तक अपने पास रखा और इस दौरान उसका दैहिक शोषण किया। बाद में उसे घर के पास छोड़ दिया।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 137(2), 64(2)(m), 65(1), 87 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4, 5 एवं 6 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया। घटना में प्रयुक्त हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है।
महिलाओं के खिलाफ अपराध पर जीरो टॉलरेंस
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस महिलाओं और बालिकाओं से जुड़े अपराधों को लेकर पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। दोनों मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।