राशन गड़बड़ी और अतिरिक्त वसूली को लेकर सुर्खियों में जोकारी पंचायत: सरपंच के खिलाफ थाने पहुंचे ग्रामीण, पुलिस जांच में जुटी।



कुनकुरी: विधानसभा चुनाव के समय सुर्खियों में आया जोकारी ग्राम पंचायत इन दिनों राशन वितरण में हुई गड़बड़ी और अतिरिक्त वसूली को लेकर एक बार फिर चर्चा में आ गया है। मामला कुनकुरी जनपद अंतर्गत जोकारी का है, जहाँ वर्तमान सरपंच मंजू भगत के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा है।

​आज 22 जुलाई की दोपहर लगभग 12 बजे बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने पहुंचे और सरपंच के खिलाफ अगस्त 2025 के राशन में गबन करने का गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई।

​प्रति राशनकार्ड 3 रुपए अतिरिक्त वसूली का आरोप

​ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में चावल वितरण में भारी अनियमितता बरती जा रही है। इसके साथ ही नियम के अनुसार चना और शक्कर के लिए 27 रुपए लिए जाने चाहिए, लेकिन सरपंच द्वारा प्रति राशनकार्ड 3 रुपए अधिक (कुल 30 रुपए) वसूले जा रहे हैं। थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे ग्रामीणों में मुख्य रूप से: धनेश्वर राम भगत, ​ईश्वर नाथ सिंह,​ रोमंच राम यादव,​भरत राम चौहान, ​प्रकाश यादव समेत कई अन्य ग्रामीण शामिल थे।


​पूर्व सरपंच पर फोड़ा ठीकरा, प्रताड़ना का लगाया आरोप

​दूसरी तरफ मामला सामने आने के बाद सरपंच मंजू भगत के पक्ष में भी कुछ ग्रामीण थाने पहुंचे। सरपंच मंजू भगत ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि: ​”चावल वितरण में जो भी गड़बड़ी हुई है, वह पूर्व सरपंच के कार्यकाल की है। इस संबंध में उच्च अधिकारियों को पहले ही सूचित किया जा चुका है।” इसके साथ ही उन्होंने शिकायतकर्ताओं पर जबरन प्रताड़ित करने का उल्टा आरोप लगाया है।

​पुलिस कर रही मामले की जांच

​एक ही पंचायत से दोनों पक्षों के थाने पहुंचने के बाद स्थिति गरमा गई है। फिलहाल कुनकुरी पुलिस ने ग्रामीणों और सरपंच दोनों पक्षों की ओर से मिली शिकायत को दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच कर रही है।


Post a Comment

Previous Post Next Post