PM मोदी पर कथित आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट का मामला पहुंचा थाना, भाजयुमो ने कुनकुरी थाने में दी लिखित शिकायत।
इंस्टाग्राम अकाउंट की जांच कर दोषी पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की मांग, स्क्रीनशॉट और अकाउंट विवरण भी सौंपा।
कुनकुरी, 26 जुलाई।
कुनकुरी में सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर विवाद गहरा गया है। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के मंडल अध्यक्ष रंजीत सोनी ने रविवार को अपने कार्यकर्ताओं के साथ कुनकुरी थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने पर विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में रंजीत सोनी ने बताया है कि उन्हें इंस्टाग्राम पर कुछ पोस्ट एवं स्टोरी दिखाई दी, जो कथित रूप से मंसूल टोप्पो निवासी भूसड़ी टोली (कुनकुरी) के सोशल मीडिया अकाउंट से साझा की गई है। आवेदन के अनुसार, इन पोस्टों में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबंध में आपत्तिजनक एवं अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है।
भाजयुमो मंडल अध्यक्ष ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव से अनुरोध किया कि संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों की विधिवत जांच कराई जाए। यदि जांच में यह प्रमाणित होता है कि पोस्ट संबंधित व्यक्ति द्वारा ही साझा की गई है और उनका कृत्य कानून के तहत दंडनीय है, तो नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए।
शिकायत के साथ कथित सोशल मीडिया पोस्ट के स्क्रीनशॉट और संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट का विवरण भी सौंपा गया है। आवेदन में शिकायतकर्ता ने जांच में पूर्ण सहयोग देने की बात भी कही है।
कुनकुरी थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले में जांच शुरू कर दी गई है।
इस मामले की शिकायत देने पहुंचे युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष नितेश पारीक, मंडल अध्यक्ष रंजीत सोनी , आकाश वाजपेई, अभिषेक अग्रवाल, कृष्णा साहू, निशांत यादव, लविश गुप्ता, संतोष यादव, अमन वर्मा, निहाल ताम्रकार, मोहित बंग , नीतिश शर्मा, संजयसिंह, पंकज साहू, रवि चौहान, समीर उल हक चिंटू, शामिल रहे।