बिना सूचना लंबे समय तक स्कूल से गायब रहने वाले दो शिक्षकों पर गिरी गाज, जिला शिक्षा अधिकारी ने किया तत्काल निलंबित
जशपुर। जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) जशपुर ने बिना पूर्व सूचना एवं स्वीकृत अवकाश के लंबे समय तक विद्यालय से अनुपस्थित रहने वाले दो शिक्षकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों मामलों में संबंधित शिक्षकों द्वारा कारण बताओ नोटिस का संतोषजनक जवाब भी प्रस्तुत नहीं किया गया।
डीईओ द्वारा 24 जुलाई 2026 को जारी आदेश के अनुसार श्री लक्ष्मी नारायण यादव, प्रधान पाठक, शासकीय प्राथमिक शाला प्रधानमुड़ा, विकासखंड पत्थलगांव, 22 जून 2026 से 1 जुलाई 2026 तक बिना सूचना विद्यालय से अनुपस्थित पाए गए। इस संबंध में विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन उन्होंने न तो जवाब प्रस्तुत किया और न ही विद्यालय में उपस्थिति दर्ज कराई।
इसी प्रकार श्रीमती बिरसितिला बरवा, सहायक शिक्षक, शासकीय प्राथमिक शाला बड़ूड़ाबहार, विकासखंड पत्थलगांव, 24 जून 2026 से 10 जुलाई 2026 तक बिना अनुमति के विद्यालय से अनुपस्थित रहीं। उन्हें भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, किंतु उनके द्वारा कोई संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया।
जिला शिक्षा अधिकारी ने दोनों शिक्षकों का यह आचरण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के प्रावधानों के विपरीत मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम-9 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
निलंबन अवधि में दोनों शिक्षकों का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, पत्थलगांव कार्यालय निर्धारित किया गया है तथा नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।