जशपुर / कुनकुरी - जिले के बहुचर्चित 311.35 किलोग्राम गांजा तस्करी मामले में जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लगभग तीन सप्ताह से फरार चल रहे आरोपी रूप सिंह यादव (35) को मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का अहम सदस्य है और पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को थाना कुनकुरी क्षेत्र के जयस्तंभ चौक में नाकाबंदी के दौरान ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रही इनोवा वाहन (OD17J-0205) को रोकने का प्रयास किया गया था। जिसमें चालक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, लेकिन पीछा करने पर वाहन बोडोकछार - पुटपुटीपानी जंगल में लावारिस हालत में मिला। जहां तलाशी के दौरान वाहन से 295 पैकेटों में 311 किलो 35 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया था। पुलिस ने वाहन का फर्जी नंबर प्लेट और गांजा छिपाने में इस्तेमाल किए गए सामान को भी जब्त किया था।
विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना, तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से फरार चालक की पहचान रूप सिंह यादव के रूप में हुई। सूचना मिलने पर कि आरोपी मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में छिपा हुआ है, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ "जीरो टॉलरेंस" की नीति पर काम कर रही है। नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
वहीं गिरफ्तारी के बाद आरोपी की निशानदेही पर झारसुगड़ा स्थित उसके ठिकाने से घटना में प्रयुक्त इनोवा वाहन की मूल चाबी भी बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने गांजा तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे किए हैं। पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
इस मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव के नेतृत्व में, उप निरीक्षक राकेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक ईश्वर प्रसाद वारले, प्रधान आरक्षक ढलेश्वर यादव, आरक्षक चंद्रशेखर बंजारे और नंदलाल यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।