कुनकुरी - दो साल बाद फिर गूंजा फुटबॉल का महाकुंभ: शहीद कुलवंत पन्ना स्मृति नॉकआउट टूर्नामेंट गिना बहार का भव्य आगाज़, रघुनाथपुर ने जीत से किया खेल अभियान शुरू।

कुनकुरी, गिनाबहार। शहीद कुलवंत पन्ना की स्मृति को नमन करते हुए और क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को बड़ा मंच देने के उद्देश्य से गिनाबहार में आयोजित ग्रोटोलाइन गिनाबहार नॉकआउट फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 का रविवार को भव्य शुभारंभ हुआ। दो वर्षों के अंतराल के बाद आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. पी.सी. कुजूर, विनयशील, शिव राय एवं वाल्टर कुजूर की अध्यक्षता में गिनाबहार रपटा पुलिया के समीप खेल मैदान में किया गया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेलप्रेमी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

गोरटोलाइन गिनाबहार फुटबॉल समिति के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता को क्षेत्र का फुटबॉल महाकुंभ माना जाता है। उद्घाटन के अवसर पर वरिष्ठ फुटबॉल खिलाड़ी एवं पूर्व सरपंच वीरेंद्र एक्का ने बताया कि इस प्रतियोगिता की शुरुआत वर्ष 2007 में हुई थी। इस बार कुल 32 टीमें खिताब के लिए मैदान में उतर रही हैं। उन्होंने बताया कि पिछले संस्करण का खिताब रघुनाथपुर की टीम ने अपने नाम किया।

प्रतियोगिता का पहला मुकाबला यूनियन स्पोर्टी लोधमा और रघुनाथपुर के बीच खेला गया। शुरुआती दस मिनट तक लोधमा की टीम का दबदबा रहा, लेकिन वह गोल करने में सफल नहीं हो सकी। मैच के 12वें मिनट में रघुनाथपुर के जर्सी नंबर-16 इलियस तिर्की ने शानदार गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद रघुनाथपुर ने लगातार दो और गोल करते हुए मुकाबला 3-0 से जीत लिया और विजयी शुरुआत की।

दूसरा मुकाबला बोड़ाछापर और नीचघाट के बीच खेला गया। मैच के शुरुआती पांच मिनट में ही बोड़ाछापर की टीम ने गोल कर बढ़त बना ली। समाचार लिखे जाने तक मुकाबला पूरे रोमांच के साथ जारी था।

मंच संचालक दीपक केरकेट्टा ने बताया कि स्वर्गीय एडमोन मिंज की स्मृति में महिला एवं पुरुष वर्ग की उपविजेता टीमों को 16-16 हेलमेट प्रदान किए जाएंगे। वहीं आयोजन समिति की ओर से विजेता टीम को ₹51,000 तथा उपविजेता टीम को ₹31,000 की नकद पुरस्कार राशि दी जाएगी। 


खेल मैदान में खिलाड़ियों के जोश, दर्शकों के उत्साह और शानदार मुकाबलों ने उद्घाटन दिवस को यादगार बना दिया। आने वाले दिनों में 32 टीमों के बीच खिताबी मुकाबले और भी रोमांचक होने की उम्मीद है, जिससे पूरे क्षेत्र में फुटबॉल का उत्साह चरम पर रहेगा।

इस अवसर पर टूर्नामेंट के अध्यक्ष लिबनुस खलखो के साथ अनिल धानसोन, प्रदीप लकड़ा पूर्व सरपंच, आकाश, सतीश, राजेन्द्र, जॉनसन एक्का, संदीप, अमित खलखो, निलेश खेश, अभिनव, शैलेन्द्र, प्रांजिल अंकित, नयन, अर्पण, श्रीजल, नवीनस एवं शौरभ कुजूर शामिल रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post