ACR के आधार पर 2022 बैच के शिक्षकों को मिले पदोन्नति का मौका, शिक्षक संघ ने सौंपा ज्ञापन। जशपुर में शिक्षक संघ का शांतिपूर्ण प्रदर्शन, 150 से 200 शिक्षक-शिक्षिकाएं रहीं मौजूद; विभागीय पदोन्नति समिति से नियमों के तहत विचार करने की मांग।


जशपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश विद्यालयीन शिक्षक संघ, जिला जशपुर ने सत्र 2022 में नियुक्त टीईटी उत्तीर्ण नियमित सहायक शिक्षक-शिक्षिकाओं की पदोन्नति का मुद्दा उठाते हुए जिला मुख्यालय में संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। संघ ने मांग की कि उपलब्ध ACR (वार्षिक गोपनीय प्रतिवेदन) एवं अन्य सेवा अभिलेखों के आधार पर पात्र शिक्षकों के पदोन्नति प्रकरणों पर नियमानुसार विचार किया जाए।

ज्ञापन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विकासखंडों से करीब 150 से 200 शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं संघ के पदाधिकारी शामिल हुए। संघ ने स्पष्ट किया कि उनकी मांग पूरी तरह शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं नियमानुसार तरीके से शासन-प्रशासन के समक्ष रखी गई है।

सेवा अवधि कम होने के आधार पर न रोका जाए पदोन्नति का रास्ता

संघ ने ज्ञापन के माध्यम से मांग रखी कि वर्ष 2022 में नियुक्त टीईटी उत्तीर्ण पात्र शिक्षक-शिक्षिकाओं को केवल सेवा अवधि कम होने के आधार पर आगामी पदोन्नति प्रक्रिया से बाहर न किया जाए। उनके उपलब्ध ACR एवं अन्य संबंधित अभिलेखों का परीक्षण करते हुए पदोन्नति के लिए नियमानुसार विचार किया जाए।

जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार ने कहा कि शासन के प्रचलित नियमों एवं उपलब्ध दिशा-निर्देशों के तहत निर्धारित अवधि का ACR उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में पूर्ववर्ती वर्षों के उपलब्ध ACR के आधार पर भी पदोन्नति प्रकरण पर विचार किए जाने का प्रावधान हो सकता है। ऐसे में आगामी पदोन्नति के लिए गठित होने वाली विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) को संघ द्वारा प्रस्तुत तथ्यों, नियमों एवं दस्तावेजों का गंभीरता से परीक्षण कर नियमानुसार निर्णय लेना चाहिए।

"नियमों के विपरीत नहीं, नियमों के दायरे में है मांग"।

जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार ने कहा कि संघ की मांग किसी नियम को दरकिनार करने की नहीं है, बल्कि उपलब्ध प्रावधानों के तहत 2022 में नियुक्त पात्र टीईटी उत्तीर्ण शिक्षकों को पदोन्नति प्रक्रिया में अवसर देने की है।

उन्होंने कहा कि शिक्षकों के भविष्य से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर विभाग को उपलब्ध ACR, सेवा अभिलेखों और शासन के दिशा-निर्देशों का निष्पक्ष परीक्षण करना चाहिए।

सभी विकासखंडों से पहुंचे शिक्षक।

ज्ञापन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विकासखंडों से बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए। संघ के अनुसार, संगठन द्वारा लगातार ब्लॉक स्तर पर शिक्षकों से संपर्क कर उनकी समस्याओं एवं सेवागत हितों से जुड़े मुद्दों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाया जा रहा है।

कार्यक्रम में पत्थलगांव से रविशंकर पैंकरा, कांसाबेल से साधना भारती, बगीचा से दिव्या ज्योति कुजूर, जशपुर से देवकी प्रधान, कुनकुरी से नमिता नायक, फरसाबहार से अजय डडसेना, दुलदुला से पुरुषोत्तम नेताम, मनोरा से महेन्द्र यादव तथा जिला प्रभारी तूफान सिंह सहित अनेक पदाधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

इसके अलावा ममता पटेल, सुनीता यादव, नीलू कुजुर, मधु पैकरा, अरविंद वर्मा, गीता भगत, कीर्ति कुमार राठिया, काजोल धुर्वे और चंद्रेश साहू सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सहभागिता की।

अब DPC के फैसले पर टिकी नजरें।

शिक्षक संघ ने कहा कि 2022 में नियुक्त टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक-शिक्षिकाओं की पदोन्नति का मामला उनके सेवागत हित एवं भविष्य से जुड़ा है। संघ ने उम्मीद जताई कि विभाग उपलब्ध ACR, सेवा अभिलेखों और संबंधित नियमों का परीक्षण करते हुए पात्र शिक्षकों के पक्ष में नियमानुसार सकारात्मक निर्णय लेगा।

जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार ने कहा कि संघ ने अपनी ओर से सभी आवश्यक तथ्य और दस्तावेज विभाग के समक्ष रख दिए हैं। अब विभागीय पदोन्नति समिति द्वारा पूरे मामले का परीक्षण कर नियमानुसार उचित निर्णय लिया जाना अपेक्षित है।

Post a Comment

Previous Post Next Post