कुनकुरी में 150 मोबाइल चोरी का बड़ा खुलासा! CCTV और टावर लोकेशन से झारखंड तक पहुंची पुलिस, एक आरोपी को किया गिरफ्तार।
कुनकुरी में एक मोबाइल दुकान से करीब 150 मोबाइल हैंडसेट चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने झारखंड के साहेबगंज से एक आरोपी को गिरफ्तार किया,जबकि उसका साथी अभी फरार है।
दरअसल, 11 अगस्त की रात कुनकुरी में जय स्तंभ चौक के सामने एक मोबाइल दुकान को चोरों ने निशाना बनाया।
जहां शटर के दोनों ताले काटकर आरोपी दुकान के अंदर दाखिल हुए और बिक्री के लिए रखे करीब 150 मोबाइल हैंडसेट लेकर फरार हो गए। जब सुबह दुकान का शटर खुला मिलने पर संचालक ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद कुनकुरी पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर CCTV फुटेज के साथ टावर डंप, CDR और TDR खंगालना शुरू किया। जांच के दौरान एक मोबाइल नंबर की लोकेशन और CCTV फुटेज से पुलिस को अहम सुराग मिले। पुलिस टीम ने झारखंड के साहेबगंज जिले में दबिश देकर 35 वर्षीय तौसिफ राजा को गिरफ्तार कर लिया।
वहीं पुलिस के द्वारा पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी कबीर शेख के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल पीठू बैग और मोबाइल हैंडसेट जब्त किया गया है। फिलहाल दूसरा आरोपी कबीर शेख फरार है और चोरी किए गए मोबाइलों की बरामदगी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड की मांग की गई है।
कुनकुरी की इस बड़ी मोबाइल चोरी में पुलिस ने तकनीकी जांच के जरिए झारखंड तक पहुंच बनाई है। अब पुलिस की नजर फरार आरोपी और चोरी गए मोबाइलों की बरामदगी पर है।
आरोपी की गिरफ्तारी में डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के मार्गदर्शन में एडिशनल एसपी राकेश पाटनवार जशपुर, sdop विनोद कुमार मंडावी कुनकुरी, क्राइम ब्रांच निरीक्षक नसीरुद्दीन अंसारी, भावेश समरथ अ.जा., निरीक्षक राकेश यादव कुनकुरी, निरीक्षक भानुप्रताप चंद्रा जशपुर, रक्षित केंद्र जशपुर, गौरव पाण्डे बगीचा, प्रधान आरक्षक अनंत मिराज किस्पोट्टा, ASI ईश्वर वारले, चंद्रशेखर बंजारे एवं नंदलाल यादव की अहम भूमिका रही।