कुनकुरी। देशभक्ति और राष्ट्र गौरव के संदेश के साथ कुनकुरी में 11 अगस्त 2026, मंगलवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस तिरंगा यात्रा में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल होंगे और नगर भ्रमण करते हुए लोगों से रूबरू होंगे। मुख्यमंत्री के साथ उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय भी कार्यक्रम में शामिल होंगी।
तिरंगा यात्रा शिवगंगा टॉकीज चौक से प्रारंभ होगी और निर्धारित रूट से नगर भ्रमण करते हुए जय स्तंभ चौक पहुंचेगी। यहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय विशाल सभा को संबोधित करेंगे। इसी के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।
सीएम के आगमन को लेकर जशपुर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर कुनकुरी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
डी.आई.जी. एवं एसएसपी डॉ लाल उमेद सिंह जशपुर के नेतृत्व में एडिशनल एसपी राकेश पाटनवार, एस.डी.एम. नंद जी पांडे व एसडीओपी विनोद कुमार मंडावी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव के दिशा-निर्देश पर पुलिस टीम लगातार सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की तैयारियों में जुटी हुई है।
मुख्यमंत्री के नगर भ्रमण को देखते हुए तिरंगा यात्रा के पूरे रूट पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। संवेदनशील स्थानों को चिन्हांकित कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है, वहीं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी आवश्यक तैयारियां की गई हैं।
होटल-लॉज और ढाबों को नोटिस, अवैध पार्किंग पर सख्ती
थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव ने बताया कि थाना कुनकुरी क्षेत्र में संचालित होटल, लॉज और ढाबा संचालकों को नोटिस जारी कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर होने वाली अवैध पार्किंग को हटाने तथा अनधिकृत बोर्डिंग जैसी व्यवस्थाओं को नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं, साथ ही होटल, लॉज एवं ढाबा संचालकों को यातायात व्यवस्था बनाए रखने तथा मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए जागरूक करते हुए समझाइश भी दी गई है।
ड्रोन कैमरों से रूट पर रहेगी पैनी नजर
मुख्यमंत्री की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फॉरेस्ट विभाग के सहयोग से ड्रोन कैमरों के माध्यम से तिरंगा यात्रा के निर्धारित रूट एवं आसपास के क्षेत्रों की निगरानी की व्यवस्था की जा रही है। ड्रोन कैमरों से पूरे रूट पर नजर रखकर सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता किया जाएगा। पुलिस और संबंधित विभागों द्वारा कार्यक्रम स्थल, तिरंगा यात्रा मार्ग तथा आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा से जुड़े आवश्यक इंतजामों को अंतिम रूप दिया जा चुका है।
नगर पंचायत भी सक्रिय, मुनादी के जरिए दी जा रही जानकारी
कार्यक्रम को लेकर नगर पंचायत कुनकुरी द्वारा भी तैयारियां की जा रही हैं। नगर में मुनादी के माध्यम से लोगों को कार्यक्रम और आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी दी जा रही है। लोगों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने और निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़ा करने की अपील की जा रही है।
यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस
तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए कुनकुरी पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारी की है। यात्रा के दौरान रूट पर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने, भीड़ को व्यवस्थित रखने और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस बल को तैयार रखा गया है।
कुनकुरी पुलिस के मुताबिक मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पुलिस की निगरानी के साथ अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर काम किया जा रहा है।
बहरहाल मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कुनकुरी आगमन और भव्य विशाल तिरंगा यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर यातायात प्रबंधन और ड्रोन निगरानी तक, हर स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।