“मेले की आड़ में जुए का खेल! खुड़खुड़िया के दो फड़ पर पुलिस का शिकंजा, 7 गिरफ्तार और ₹77 हजार जब्त”
*जशपुर* जशपुर जिले के पत्थलगांव में रथ मेले के बीच चल रहे जुए के फड़ों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। खुड़खुड़िया पट्टी और गोटी के जरिए जुआ खिलाने वाले 7 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान दोनों फड़ों से ₹77 हजार 240 रुपये नगद समेत जुआ खेलने-खिलाने का सामान जब्त किया गया है।
दरअसल यह पूरा मामला पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम सूरजगढ़ ऊपरपारा स्थित रथ मेले का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि मेले में खुड़खुड़िया के जरिए रुपये-पैसे का हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खिलाया जा रहा है।
सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस ने देखा कि सार्वजनिक स्थान पर दो अलग-अलग जुआ फड़ लगाए गए थे और पेट्रोमैक्स की रोशनी में खुड़खुड़िया और गोटी से जुआ खेलाया जा रहा था।
पुलिस की कार्रवाई में पहले फड़ से निराकार खुटिया, विजय भगत, अगस्तु भगत और नितेश किण्डो के कब्जे से ₹42,810 रुपए बरामद हुए।
वहीं दूसरे फड़ से दिलीप खलखो, अकबर किण्डो और रंजीत किण्डो के कब्जे से ₹34,430 रुपए नगद जब्त किए गए।
दोनों फड़ों से कुल ₹77,240 रुपए नगद के अलावा खुड़खुड़िया पट्टी, 6 प्लास्टिक की गोटियां, बांस की टोकरी, प्लास्टिक की चटाई और करीब 3 लीटर क्षमता का लाल रंग का पेट्रोमैक्स गैस लैंप समेत अन्य सामग्री जब्त की गई।
पुलिस ने मामले में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2), 4 और 6 के तहत दो अलग-अलग अपराध दर्ज किए हैं। विवेचना के बाद सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा है कि जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर पुलिस की नजर लगातार बनी हुई है और ऐसे अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।