कुनकुरी। विश्व हाथी दिवस के अवसर पर 12 अगस्त 2026 को शासकीय संकल्प शिक्षण संस्थान, कुनकुरी में हाथी संरक्षण एवं मानव-हाथी सह-अस्तित्व को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के 129 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

वनमण्डलाधिकारी जशपुर श्री शशि कुमार के निर्देशन में जिले में हाथी सुरक्षा एवं संरक्षण को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ‘गजरथ’ के माध्यम से हाथी सुरक्षा, वन्यजीव संरक्षण एवं मानव-हाथी संघर्ष से बचाव के उपायों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

कार्यक्रम में उप वनमंडलाधिकारी कुनकुरी एवं परिक्षेत्र अधिकारी कुनकुरी सहित वन विभाग का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

रेंज अफसर सुरेन्द्र होता ने विद्यार्थियों को हाथियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां देते हुए हाथियों के व्यवहार, उनके प्राकृतिक आवास, संरक्षण तथा मानव-हाथी संघर्ष को कम करने के उपायों की जानकारी दी। साथ ही वन्यजीव संरक्षण में जन-जागरूकता की भूमिका पर भी प्रकाश डाला। सुरेन्द्र होता ने बच्चों को हाथियों के प्रति संवेदनशील रहने और वन्य जीवों के संरक्षण में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया। वहीं विद्यार्थियों को जंगल और वन्य जीवों की सुरक्षा के साथ-साथ हाथियों की गतिविधियों के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में भी जागरूक किया।

प्रश्नोत्तरी में परखी हाथियों से जुड़ी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए हाथियों से संबंधित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं कार्यक्रम में वन विभाग के समस्त ट्रेकरों की भी उपस्थिति रही।

विश्व हाथी दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में वन्यजीव संरक्षण की अलख जगाने के साथ हाथियों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे व्यापक जागरूकता अभियान को और मजबूती देने वाला साबित हुआ।