व्यापम मेरिट से वरिष्ठता तय करने की मांग, शिक्षक संघ ने शिक्षा विभाग को सौंपा ज्ञापन
जशपुर। वर्ष 2019, 2023 और 2025 में भर्ती शिक्षकों की वरिष्ठता व्यापम की मेरिट सूची के आधार पर निर्धारित करने की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश विद्यालयीन शिक्षक संघ, जिला-जशपुर ने शिक्षा विभाग का दरवाजा खटखटाया है। संघ ने 20 अगस्त 2026 को संयुक्त संचालक, शिक्षा, सरगुजा संभाग, अंबिकापुर को दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपकर वरिष्ठता सूची के पुनः परीक्षण और आवश्यक सुधार की मांग की।
संघ का कहना है कि संबंधित भर्तियों में शिक्षकों का चयन व्यापम की मेरिट के आधार पर हुआ है, ऐसे में वरिष्ठता निर्धारण में भी उसी मेरिट सूची को आधार बनाया जाना चाहिए। ज्ञापन में स्कूल शिक्षा विभाग के 15 सितंबर 2020 के पत्र क्रमांक एफ 12-22/2020/20-दो सहित शिक्षकों के नियुक्ति प्रमाण-पत्र में उल्लेखित प्रावधानों का हवाला देते हुए वर्तमान वरिष्ठता सूची की समीक्षा करने की मांग की गई है।
2019 अंग्रेजी माध्यम के शिक्षकों की वरिष्ठता अलग तय करने की मांग।
शिक्षक संघ ने विशेष रूप से वर्ष 2019 में भर्ती अंग्रेजी माध्यम के सहायक शिक्षक/शिक्षकों की वरिष्ठता अलग व्यापम मेरिट सूची के आधार पर निर्धारित करने की मांग रखी है। वहीं वर्ष 2019, 2023 एवं 2025 में भर्ती सहायक शिक्षक, सहायक शिक्षक विज्ञान प्रयोगशाला और शिक्षक संवर्ग की वरिष्ठता का भी पुनः परीक्षण कर मेरिट क्रम के अनुसार नई सूची तैयार करने का आग्रह किया गया है।
संघ के अनुसार वरिष्ठता निर्धारण की प्रक्रिया में स्पष्टता और एकरूपता नहीं होने से शिक्षकों के सेवा संबंधी मामलों में विसंगतियां पैदा हो सकती हैं। इसलिए शासन के निर्देशों और नियुक्ति संबंधी दस्तावेजों के अनुरूप पात्र शिक्षकों को उनका उचित वरिष्ठता लाभ मिलना चाहिए।
सरगुजा संभाग में एक समान प्रक्रिया की मांग।
संघ ने सरगुजा संभाग के सभी जिलों में वरिष्ठता निर्धारण की प्रक्रिया में एकरूपता रखने की भी मांग की है। संघ का कहना है कि वरिष्ठता का सही निर्धारण शिक्षकों के पदोन्नति सहित विभिन्न सेवा संबंधी लाभों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार, जिला सचिव विजय कुमार पैंकरा, जिला कार्यकारिणी सदस्य मनोहर टोप्पो, ब्लॉक अध्यक्ष पत्थलगांव रविशंकर पैंकरा, ब्लॉक अध्यक्ष बगीचा श्रीमती दिव्या ज्योति कुजूर, ब्लॉक सचिव बगीचा श्रीमती गीता भगत एवं ब्लॉक कोषाध्यक्ष बगीचा श्रीमती कविता सोनी शामिल रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने संयुक्त संचालक के समक्ष शिक्षकों की मांग रखते हुए संबंधित दस्तावेजों एवं शासन के निर्देशों का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।
अब नजर शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर है—क्या व्यापम मेरिट के आधार पर वरिष्ठता सूची का पुनः परीक्षण होगा और शिक्षकों को उनका अपेक्षित वरिष्ठता लाभ मिलेगा, इस पर शिक्षकों की निगाहें टिकी हैं।