शिक्षकों की मांगों पर कुनकुरी में गरजेगा शिक्षक संगठन, सेवा सुरक्षा-बकाया लाभ के लिए धरना और बाइक रैली।
कुनकुरी। शिक्षकों की विभिन्न मांगों को लेकर कुनकुरी में शिक्षक संगठनों द्वारा एक दिवसीय ब्लॉक स्तरीय धरना प्रदर्शन एवं सेवा सुरक्षा पदयात्रा (बाइक रैली) का आयोजन किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन, नवीन शिक्षक संघ एवं सर्व शिक्षक संघ के संयुक्त प्रांतीय निकाय के निर्णय के तहत आयोजित इस आंदोलन में शिक्षकों की प्रमुख समस्याओं को लेकर आवाज बुलंद की जाएगी।
"शिक्षक साझा मंच" विकासखंड कुनकुरी की ओर से जारी सूचना के अनुसार शिक्षकों की प्रमुख मांगों में सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर करना, पूर्व सेवा की गणना करते हुए पेंशन सहित समस्त लाभ प्रदान करना, तथा छत्तीसगढ़ में सेवारत शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से सेवा सुरक्षा प्रदान करना शामिल है।
इसके साथ ही शिक्षकों ने वरिष्ठता के आधार पर पूर्व में प्रचलित नियमों के अनुसार पदोन्नति प्रक्रिया पूर्ण किए जाने की मांग भी रखी है। इन मांगों को लेकर ब्लॉक स्तर पर शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन और सेवा सुरक्षा पदयात्रा यानी बाइक रैली निकाली जाएगी।
22 अगस्त को होगा प्रदर्शन
सूचना के मुताबिक कार्यक्रम 22 अगस्त 2026 को दोपहर 12:00 बजे से 4:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। धरना स्थल के रूप में कन्या शाला खेल मैदान, कुनकुरी निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम के संबंध में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), विकासखंड शिक्षा अधिकारी तथा थाना कुनकुरी को सूचना दी गई है।
शिक्षक संगठनों का कहना है कि आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से किया जाएगा और निर्धारित मांगों को लेकर संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
बहरहाल अब देखना होगा कि शिक्षकों की इन मांगों पर शासन-प्रशासन की ओर से क्या पहल की जाती है।