कुनकुरी। सावन के पावन महीने के चौथे एवं अंतिम सोमवार को कुनकुरी के जय स्तंभ चौक स्थित गौरी शंकर मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। भगवान भोलेनाथ के विशेष श्रृंगार, जलाभिषेक और विशाल भंडारे के साथ सावन सोमवार का धार्मिक आयोजन हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण रहा।
सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। भक्तों ने हनुमान टेकड़ी से जल लेकर ‘बोल बम’ के जयघोष के साथ गौरी शंकर मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। पूरे मार्ग में हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से वातावरण शिवमय हो उठा।
गौरी शंकर मंदिर समिति के अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ने बताया कि सावन के पिछले तीन सोमवार की तरह चौथे सोमवार को भी भगवान भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। सावन के प्रत्येक सोमवार को श्रद्धालुओं द्वारा हनुमान टेकड़ी से जल लाकर भगवान शिव को अर्पित किया जाता है। वहीं धार्मिक परंपरा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्साहपूर्वक शामिल होते हैं।
उन्होंने बताया कि मंदिर में आयोजित पूरे सावन सोमवार के कार्यक्रम को सफल बनाने में गौरी शंकर मंदिर समिति की महिलाओं एवं पुरुष सदस्यों सहित श्रद्धालुओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। सभी के सामूहिक प्रयास से चारों सावन सोमवार के धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण एवं भव्य रूप से संपन्न हुए। चौथे सावन सोमवार के अवसर पर आयोजित विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस दौरान मंदिर समिति ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। वहीं जय स्तंभ चौक कुनकुरी में सावन के अंतिम सोमवार को भक्ति, सेवा और आस्था का यह संगम पूरे नगर में चर्चा का केंद्र रहा।