"64 बच्चों पर 2 शिक्षक… एक शिक्षिका नियम विरुद्ध छुट्टी लेकर नदारद! अकेला शिक्षक कैसे संभालेगा पूरा स्कूल?”
जशपुर / बगीचा :- जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड के कुरुमढोड़ा प्राथमिक शाला से शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली तस्वीर सामने आई है। स्कूल में 64 बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं और महज 2 शिक्षक पदस्थ हैं।
लेकिन बीते शुक्रवार की दोपहर मीडिया टीम की निरीक्षण के दौरान महिला शिक्षिका अन्नी खलखो स्कूल में अनुपस्थित मिलीं।
बताया गया कि शिक्षिका आवक- जावक रजिस्टर में हस्ताक्षर कर स्कूल से चली गईं। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि जब 64 बच्चों के लिए पहले से ही सिर्फ दो शिक्षक हैं, तो एक शिक्षक के भरोसे पूरा स्कूल कैसे चलेगा?
क्या एक अकेला शिक्षक 64 बच्चों की पढ़ाई, अनुशासन और पूरी शैक्षणिक जिम्मेदारी संभाल पाएगा?
कहीं शिक्षकों की कमी और इस तरह की अनुपस्थिति का खामियाजा बच्चों के भविष्य को तो नहीं भुगतना पड़ेगा?
वहीं, इस पूरे मामले पर प्रधानपाठक रामसेवक राम ने साफ शब्दों में कहा कि शिक्षिका ने जिस तरह आवक-जावक में हस्ताक्षर कर स्कूल छोड़ा है, वह मान्य नहीं है। उन्होंने यह भी माना कि स्कूल में एक शिक्षक की कमी है, यहाँ एक शिक्षक और बढ़ाने की बात कही है।
इस दौरान प्रधानपाठक की टेबल पर दो छड़ियां भी रखी मिलीं। मीडिया के सवाल पर प्रधानपाठक ने छड़ी से पढ़ाने की बात कही, जिसके बाद स्कूल की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
अब बड़ा सवाल—64 बच्चों की पढ़ाई की जिम्मेदारी आखिर कौन उठाएगा?
क्या शिक्षा विभाग स्कूल में शिक्षक की कमी दूर करेगा?
और अनुपस्थित मिली शिक्षिका के मामले में क्या कार्रवाई होगी?
इन तमाम सवालों के जवाब अब शिक्षा विभाग की जांच और कार्रवाई से ही सामने आएंगे।