कुनकुरी - दोस्तों के साथ मछली पकड़ने गया युवक तीन दिन बाद नदी में मिला मृत, परसाटोली डैम के पास मिला शव; पुलिस कर रही जांच।
कुनकुरी (जशपुर)। जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र से एक दुखद मामला सामने आया है। दोस्तों के साथ मछली पकड़ने निकला 40 वर्षीय युवक तीन दिन बाद नदी में मृत अवस्था में मिला। सूचना मिलने पर कुनकुरी पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक रंजीत तिर्की (40 वर्ष) निवासी जुबिलापानी, उरांवपारा (चौकी बगडोल, थाना कांसाबेल) 1 अगस्त को अपने साथियों रितेश और जनार्दन मझुर के साथ परसाटोली नदी में मछली पकड़ने गया था। परिजनों के मुताबिक उसके दोनों साथी तो घर लौट आए, लेकिन रंजीत वापस नहीं पहुंचा।
लगातार तलाश के बाद 6 अगस्त की दोपहर फ़रसाकानी नदी किनारे ललित खलखो के डांड के पास पानी में एक अज्ञात शव दिखाई देने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों ने कपड़ों, गले की माला और टूटे हुए वाहन की पहचान के आधार पर शव की पहचान रंजीत तिर्की के रूप में की।
प्रारंभिक जांच में परिजनों ने पुलिस को बताया कि मृतक शराब के नशे में था और आशंका है कि नदी पार करते समय पानी अधिक होने के कारण वह बह गया, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई। फिलहाल किसी भी प्रकार की संदिग्ध परिस्थिति की जानकारी सामने नहीं आई है।
कुनकुरी पुलिस ने धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराकर आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की अंतिम पुष्टि हो सकेगी।