
जशपुर। जशपुर पुलिस महकमे में शुक्रवार को अहम प्रशासनिक बदलाव देखने को मिला। छत्तीसगढ़ शासन के स्थानांतरण आदेश के तहत एसडीओपी जशपुर चंद्रशेखर परमा का तबादला एसडीओपी सरायपाली के पद पर किया गया, जबकि नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) बिलासपुर निमितेश सिंह ने जशपुर के नए एसडीओपी के रूप में पदभार ग्रहण किया।

पुलिस कार्यालय जशपुर में आयोजित गरिमामय समारोह में निवर्तमान एसडीओपी चंद्रशेखर परमा को भावभीनी विदाई दी गई, वहीं नवपदस्थ एसडीओपी निमितेश सिंह का आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार सहित जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, एसडीओपी, थाना एवं चौकी प्रभारी तथा पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

समारोह में अधिकारियों ने चंद्रशेखर परमा के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, जनसंपर्क और प्रभावी पुलिसिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया। उनके योगदान के लिए सभी ने आभार व्यक्त करते हुए नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने नवपदस्थ एसडीओपी निमितेश सिंह का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि उनके अनुभव और नेतृत्व से जशपुर अनुविभाग में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने अपराध नियंत्रण, त्वरित पुलिस कार्रवाई तथा आमजन से बेहतर संवाद स्थापित कर जनहित में उत्कृष्ट पुलिसिंग को प्राथमिकता देने की अपेक्षा व्यक्त की।
नवपदस्थ एसडीओपी निमितेश सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे जशपुर की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करेंगे।