बगिया। सावन मास के अंतिम सोमवार के पावन अवसर पर बगिया क्षेत्र शिवभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। ईब-मैनी नदी के संगम तट से श्री फलेश्वर नाथ महादेव मंदिर बगिया तक भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने उत्साह और श्रद्धा के साथ सहभागिता की।

कांवड़ यात्रा का शुभारंभ ईब-मैनी नदी संगम तट पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने पवित्र जल कलश में भरा और ‘हर-हर महादेव’, ‘बोल बम’ और ‘ॐ नमः शिवाय’ के जयघोष के बीच पैदल श्री फलेश्वर नाथ महादेव मंदिर के लिए रवाना हुए।

कौशल्या साय ने भी उठाई कांवड़।

कांवड़ यात्रा में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय भी शामिल हुईं। उन्होंने ईब-मैनी नदी संगम तट पर कलश में पवित्र जल भरा और श्रद्धापूर्वक कांवड़ यात्रा में सहभागिता की। उनके साथ बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु कांवड़ लेकर पैदल मंदिर पहुंचे।


यात्रा के दौरान पूरा मार्ग भगवान भोलेनाथ के जयकारों और भक्ति गीतों से गूंजता रहा। पारंपरिक वेशभूषा में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक यात्रा पूरी की। महिलाओं की भी बड़ी संख्या में सहभागिता रही।

फलेश्वर नाथ महादेव का किया जलाभिषेक।

कांवड़ यात्रा के श्री फलेश्वर नाथ महादेव मंदिर पहुंचने के बाद श्रीमती कौशल्या साय ने कांवड़ में लाए गए पवित्र जल से भगवान फलेश्वर नाथ महादेव का जलाभिषेक किया। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भी भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर पूरे दिन श्रद्धालुओं से गुलजार रहा और चारों ओर भक्तिमय वातावरण बना रहा।

भव्य भंडारे में उमड़ी भीड़।

कांवड़ यात्रा के समापन अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में सेवा और समर्पण की भावना के साथ लोगों ने एक-दूसरे को प्रसाद वितरित किया।

सावन के अंतिम सोमवार पर आयोजित इस भव्य कांवड़ यात्रा ने धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सेवा भावना का संदेश दिया। श्रद्धालुओं की भारी सहभागिता से पूरा बगिया क्षेत्र दिनभर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से शिवमय बना रहा।