सेवारत शिक्षकों को TET अनिवार्यता से राहत की मांग, सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर करने की मांग, मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन।

छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन विकासखंड कुनकुरी ने बाईक रैली निकालकर अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।

कुनकुरी। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन विकासखंड कुनकुरी, जिला जशपुर ने खेल मैदान में धरना प्रदर्शन कर बाईक रैली निकालकर नगर भ्रमण करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर सेवारत शिक्षकों की प्रमुख समस्याओं के निराकरण की मांग की है। संगठन ने ज्ञापन के माध्यम से लंबे समय से सेवाएं दे रहे शिक्षकों को राहत देने के साथ-साथ सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर करने की मांग उठाई है।

भरत यादव ब्लाक अध्यक्ष ने बताया कि छत्तीसगढ़ के शासकीय विद्यालयों में शिक्षक संवर्ग के अंतर्गत सहायक शिक्षक एवं शिक्षक लंबे समय से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में उनकी सेवा संबंधी महत्वपूर्ण समस्याओं का निराकरण किया जाना आवश्यक है।

TET की अनिवार्यता से सेवारत शिक्षकों को मिले राहत।

संयुक्त शिक्षक मोर्चा की प्रमुख मांगों में छत्तीसगढ़ में सेवारत शिक्षकों को अन्य राज्यों की तर्ज पर विशेष TET व्यवस्था के माध्यम से सेवा सुरक्षा प्रदान करना शामिल है। 

ज्ञापन में मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना और असम जैसे राज्यों का उदाहरण देते हुए वरिष्ठता के आधार पर पूर्व प्रचलित नियमों के अनुसार पदोन्नति प्रक्रिया पूर्ण करने की मांग की गई है।

वेतन विसंगति दूर कर मिले सेवा लाभ।

इस दौरान गायत्री देवता जिला सह कोषाध्यक्ष ने मोदी की गारंटी के तहत सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर करने की मांग उठाते हुए संगठन ने नियुक्ति तिथि से पूर्व सेवा की गणना करते हुए क्रमोन्नति, पेंशन सहित समस्त लाभ प्रदान किए जाने की मांग की है।

शिक्षक संगठनों का कहना है कि वर्षों से स्कूल शिक्षा विभाग में सेवाएं दे रहे शिक्षकों को न्याय एवं सेवा सुरक्षा मिलनी चाहिए। संगठन ने शासन से दोनों मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है।

ज्ञापन में संयुक्त शिक्षक मोर्चा, छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन, नवीन शिक्षक संघ एवं सर्व शिक्षक संघ की ओर से मांगों को शासन के समक्ष रखा गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post