06/09/2026
जशपुर। आस्ता थाना क्षेत्र के ग्राम हर्री में महिला की हत्या के मामले में जशपुर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को झारखंड के रायडीह से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी मृतिका की बेटी से एकतरफा प्यार करता था। बेटी द्वारा बातचीत करने से इनकार करने और मृतिका द्वारा आरोपी को बेटी को परेशान करने से मना करने पर वह आक्रोशित हो गया और घर में रखे कुल्हाड़ी से महिला के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। मृतिका की पहचान धनमनी बाई (55 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि गिरफ्तार आरोपी अवधेश राम उर्फ गुटका (30 वर्ष), निवासी ग्राम कोमडो, थाना सिटी कोतवाली जशपुर है।
घर लौटा पति तो जमीन पर पड़ी थी पत्नी
पुलिस के अनुसार मृतिका के पति ने 4 सितंबर को थाना आस्ता पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 3 सितंबर को करीब 11:30 बजे खाना खाने के बाद वह मवेशी चराने जंगल चला गया था। घर में उसकी पत्नी धनमनी बाई अकेली थी।
शाम करीब 6 बजे जब वह वापस घर लौटा तो पत्नी घर के अंदर जमीन पर पड़ी मिली। उसके चेहरे के दाहिने हिस्से में गंभीर चोट थी और खून निकल रहा था। आवाज देने के बावजूद उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। पास ही कुल्हाड़ी पड़ा हुआ था। रिपोर्ट पर आस्ता पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
फॉरेंसिक टीम ने खंगाला घटनास्थल, पूछताछ में सामने आया आरोपी का नाम
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतिका के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अवधेश राम कुछ दिन पहले मृतिका के घर आया था और उसके साथ विवाद भी हुआ था। इसके बाद पुलिस का संदेह अवधेश राम पर गहराता गया।
घर से गायब मिला तो टेक्निकल टीम ने रायडीह में ट्रेस किया
पुलिस टीम जब आरोपी के ग्राम कोमडो स्थित घर पहुंची तो वह वहां नहीं मिला। इसके बाद टेक्निकल टीम की मदद से उसकी लगातार पतासाजी और ट्रेसिंग की गई।
इसी दौरान पुलिस को आरोपी के झारखंड के रायडीह में मौजूद होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने तत्काल रायडीह पहुंचकर आरोपी अवधेश राम को हिरासत में लिया और जशपुर लेकर आई।
पूछताछ में खुला हत्या का राज
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि वह मृतिका की बेटी से एकतरफा प्यार करता था। बेटी द्वारा उससे बातचीत नहीं करने के कारण वह नाराज था।
इसी नाराजगी में वह मृतिका के घर पहुंचा। उस समय महिला घर में अकेली थी। मृतिका ने आरोपी को अपनी बेटी से बातचीत करने और उसे परेशान करने से मना किया। इसी बात को लेकर आरोपी आवेश में आ गया और घर में रखे कुल्हाड़ी से महिला के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से धनमनी बाई की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया और झारखंड के रायडीह पहुंच गया, जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी जब्त, आरोपी जेल भेजा गया
पुलिस ने आरोपी अवधेश राम उर्फ गुटका को पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद विधिवत गिरफ्तार कर लिया। हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी जब्त किया गया है। आरोपी को 5 सितंबर 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
आरोपी की गिरफ्तारी और मामले के खुलासे में एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह, थाना प्रभारी आस्ता उपनिरीक्षक अर्जुन यादव, सउनि अमितलाल टोप्पो सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि ग्राम हर्री में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी जब्त किया गया है। मामले में अग्रिम विवेचना जारी है।