साइबर ठगों पर जशपुर पुलिस का प्रहार: ‘डिजिटल अरेस्ट’ से लेकर OTP ठगी तक बचाव के बताए तरीके, ग्रामीणों को बांटे हेलमेट। डीआईजी-एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जारी है ‘साइबर जागृति अभियान’, किनकेल में साइबर सुरक्षा के साथ यातायात नियमों की भी दी गई सीख।

साइबर ठगों पर जशपुर पुलिस का प्रहार: ‘डिजिटल अरेस्ट’ से लेकर OTP ठगी तक बचाव के बताए तरीके, ग्रामीणों को बांटे हेलमेट।
06/09/2026
डीआईजी-एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जारी है ‘साइबर जागृति अभियान’, किनकेल में साइबर सुरक्षा के साथ यातायात नियमों की भी दी गई सीख।

जशपुर। साइबर अपराधियों के बढ़ते जाल को तोड़ने और आम नागरिकों को ऑनलाइन ठगी से बचाने के लिए जशपुर पुलिस का “साइबर जागृति अभियान” लगातार जारी है। 

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में पुलिस की टीमें जिले के अलग-अलग थाना एवं चौकी क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर रही हैं।

इसी कड़ी में 04 सितंबर 2026 को ग्राम किनकेल में यातायात पुलिस एवं सिटी कोतवाली जशपुर की संयुक्त टीम ने साइबर जागृति एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं वरिष्ठ नागरिकों ने हिस्सा लिया।

‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर ठगी से रहें सावधान

पुलिस टीम ने ग्रामीणों को साइबर ठगी के नए-नए तरीकों की जानकारी देते हुए विशेष रूप से डिजिटल अरेस्ट, फर्जी पुलिस अधिकारी, सीबीआई एवं ईडी अधिकारी बनकर कॉल करने, OTP एवं बैंकिंग जानकारी मांगने, फर्जी लिंक भेजने, नकली कस्टमर केयर नंबर और ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने की अपील की।

पुलिस ने समझाया कि साइबर ठग लोगों को डराकर अथवा लालच देकर उनकी निजी एवं बैंकिंग जानकारी हासिल करते हैं। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, ATM/डेबिट कार्ड PIN, पासवर्ड, बैंक खाते की जानकारी या आधार संबंधी जानकारी साझा नहीं करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान एप डाउनलोड करने से भी बचें।

पुलिस ने विशेष रूप से बताया कि कोई वास्तविक पुलिस अधिकारी या जांच एजेंसी वीडियो कॉल के जरिए किसी व्यक्ति को ‘डिजिटल अरेस्ट’ नहीं करती और न ही ऑनलाइन निगरानी के नाम पर पैसे जमा करने के लिए मजबूर करती है। ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल पुलिस से संपर्क करना चाहिए।

साइबर सुरक्षा के साथ सड़क सुरक्षा का भी संदेश

कार्यक्रम में पुलिस टीम ने ग्रामीणों को यातायात नियमों के प्रति भी जागरूक किया। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, तेज रफ्तार से वाहन नहीं चलाने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई।

हेलमेट जागरूकता अभियान के तहत ग्रामीणों को हेलमेट पहनाकर उसकी उपयोगिता समझाई गई और हेलमेट भी वितरित किए गए। पुलिस ने कहा कि हेलमेट केवल चालानी कार्रवाई से बचने का साधन नहीं, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में सिर को गंभीर चोट से बचाने वाला महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच है।
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठने वाला व्यक्ति भी हेलमेट का इस्तेमाल करे और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करे।

ठगी होते ही 1930 पर करें शिकायत

जशपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अनजान कॉल, मैसेज और सोशल मीडिया संदेशों पर तत्काल भरोसा न करें। अपनी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें और संदिग्ध लिंक से दूर रहें।

यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो घबराएं नहीं और तत्काल टोल फ्री नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

जशपुर पुलिस का संदेश—“जागरूक रहें, सतर्क रहें और साइबर ठगी से सुरक्षित रहें।”

कार्यक्रम में डीएसपी ट्रैफिक के.आर. चौहान, ट्रैफिक प्रभारी खोमराज ठाकुर सहित सिटी कोतवाली एवं यातायात शाखा जशपुर के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post