दिल्ली में गूंजेगी जशपुर की महिला किसानों की आवाज, 33 महिलाएं अखिल भारतीय महिला सम्मेलन के लिए रवाना।
जशपुर :- भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय महिला सम्मेलन में शामिल होने जशपुर जिले से 33 महिलाओं का दल नई दिल्ली के लिए रवाना हुआ। आगामी 30 सितंबर को आयोजित होने वाले इस राष्ट्रीय सम्मेलन में महिलाएं कृषि, गौपालन और किसानों से जुड़ी समस्याओं को राजधानी दिल्ली में प्रमुखता से उठाएंगी।
जिला अध्यक्ष श्री नरेश कुमार यादव एवं जिला मंत्री श्री युगल किशोर साय के नेतृत्व में जशपुर जिले की महिलाएं सम्मेलन में भाग लेंगी। भारतीय किसान संघ किसानों द्वारा किसानों के लिए बनाया गया राष्ट्रीय संगठन है, जो किसान हित और राष्ट्रहित के मुद्दों को लेकर लगातार कार्य करता है।
वर्तमान समय में महिलाएं भी कृषि एवं गौपालन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। खेती-किसानी से जुड़ी विभिन्न चुनौतियों और समस्याओं के बीच ग्रामीण महिला किसान अब अपनी आवाज राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के लिए आगे आ रही हैं। इसी उद्देश्य से देशभर के विभिन्न राज्यों और जिलों से महिलाएं दिल्ली पहुंच रही हैं।
जशपुर से सम्मेलन में सह जिला मंत्री जानकी सिंह, जिला महिला प्रमुख विसनी नायक, जशपुर ब्लॉक अध्यक्ष वृंदावती सिंह, सुमित्रा बाई, सुखंती सिंह, रुक्मिणी बाई सहित बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल होंगी।
राष्ट्रीय मंच पर जशपुर की महिला किसानों की भागीदारी को जिले में किसान संगठन की सक्रियता और महिला शक्ति की मजबूत उपस्थिति के रूप में देखा जा रहा है।