कुनकुरी, 28 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासखंड कुनकुरी की प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक स्तर की विकासखंड स्तरीय ड्राइंग, भाषण, पठन कौशल एवं पहाड़ा प्रतियोगिता का आयोजन शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कुनकुरी में किया गया। प्रतियोगिता में संकुल स्तर से चयनित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद पंचायत कुनकुरी की अध्यक्ष श्रीमती सुशीला साय ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को सामने लाने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास और रचनात्मक क्षमता को भी मजबूत करती हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा और क्षमता ही विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
विशिष्ट अतिथि भाजपा जशपुर जिला उपाध्यक्ष उपेंद्र यादव ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए निरंतर अभ्यास, अनुशासन और मेहनत को सफलता की कुंजी बताया। इस दौरान शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी भी विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को दी गई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अनिता सिंह, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री बालेश्वर यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष कुनकुरी श्री राजकुमार गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, प्राचार्यगण, संकुल समन्वयक, प्रधान पाठक एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा प्रमाण-पत्र, मेडल एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की प्रतिभा, शिक्षकों के मार्गदर्शन और जनप्रतिनिधियों के प्रोत्साहन का सुंदर समन्वय देखने को मिला। आयोजन का उद्देश्य बच्चों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ-साथ आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सीखने की क्षमता को बढ़ावा देना रहा।