एशिया कप में छत्तीसगढ़ की बेटियों का जलवा! गीता यादव (कबीरधाम-बोड़ला) और मधु सिदार (जशपुर-कांसाबेल के पोंगरो गांव) ने देश का प्रतिनिधित्व किया। गीता और मधु के 4 - 4 गोल से चमका भारत। चीन को हराकर लगातार तीसरी बार बना चैंपियन।
जशपुर :- भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने चीन में आयोजित महिला जूनियर एशिया कप 2026 के फाइनल में मेजबान चीन को 1-0 से हराकर लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया। 30 अगस्त से 13 सितंबर तक चले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भारत का प्रदर्शन शानदार रहा और टीम पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही। इस ऐतिहासिक उपलब्धि में छत्तीसगढ़ की दो बेटियों गीता यादव और मधु सिदार ने भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
छत्तीसगढ़ की दो बेटियों ने दिखाया दम
भारतीय टीम में छत्तीसगढ़ की गीता यादव (कबीरधाम-बोड़ला) और मधु सिदार (जशपुर-कांसाबेल के पोंगरो गांव) ने देश का प्रतिनिधित्व किया। दोनों खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 4-4 गोल दागे।
गीता यादव खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, बिलासपुर की खिलाड़ी हैं। उन्होंने मलेशिया और पाकिस्तान जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ शानदार खेल दिखाते हुए कुल चार गोल किए।
वहीं मधु सिदार बिलासपुर आवासीय खेल अकादमी से प्रशिक्षित खिलाड़ी हैं। फॉरवर्ड लाइन में बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए उन्होंने भी चार गोल किए, जिसमें पाकिस्तान के खिलाफ किए गए दो गोल खास रहे।
चैंपियन बनने के साथ वर्ल्ड कप का टिकट भी पक्का
भारत की इस खिताबी जीत के साथ टीम ने 2027 जूनियर महिला हॉकी वर्ल्ड कप के लिए भी अपनी जगह पक्की कर ली है। पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने एक भी मुकाबला नहीं गंवाया और शानदार प्रदर्शन के साथ खिताब अपने नाम किया।
हॉकी इंडिया ने टीम की इस उपलब्धि पर प्रत्येक खिलाड़ी को 3 लाख रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
अब निगाहें सीनियर टीम पर
जूनियर टीम की ऐतिहासिक सफलता के बाद अब भारतीय हॉकी प्रेमियों की नजर नागोया 2026 एशियन गेम्स में सीनियर भारतीय महिला हॉकी टीम के प्रदर्शन पर है। भारतीय टीम की कप्तानी छत्तीसगढ़ की स्टार खिलाड़ी सलीमा टेटे के हाथों में है और टीम 20 सितंबर से अपने अभियान की शुरुआत करेगी।
छत्तीसगढ़ की गीता यादव और मधु सिदार की इस उपलब्धि ने प्रदेश की महिला हॉकी प्रतिभाओं को नई पहचान देने के साथ युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का संदेश दिया है।