जशपुर/दुलदुला। जशपुर जिले के दुलदुला थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पतराटोली-दुलदुला मार्ग पर मनोहर पेट्रोल पंप के पास एक बंद मकान से 55 वर्षीय व्यक्ति का सड़ी-गली अवस्था में शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान बालवीर कुजूर (55 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बालवीर कुजूर मनोहर पेट्रोल पंप के समीप स्थित अपने मकान में अकेले रहते थे।
बंद कमरे से आ रही थी तेज बदबू
दुलदुला थाना प्रभारी सुनील सिंह के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि एक बंद मकान से काफी तेज दुर्गंध आ रही है। सूचना मिलते ही सरपंच मनोज भगत, एफएसएल टीम के अधिकारी डॉ. प्रभात और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
मकान का दरवाजा खुलवाकर अंदर जांच की गई तो बंद कमरे में बालवीर कुजूर का शव सड़ी-गली अवस्था में पड़ा मिला।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पत्नी अस्पताल में नर्स, पति रहता था अकेला
बताया जा रहा है कि मृतक की पत्नी अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत हैं और जशपुर में रहती हैं। दोनों के बीच आपसी विवाद होने की बात भी सामने आई है, जिसके चलते पत्नी जशपुर में रह रही थी और बालवीर कुजूर दुलदुला स्थित मकान में अकेले रहते थे।
स्थानीय जानकारी के मुताबिक बालवीर कुजूर सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे और कंप्यूटर की अच्छी जानकारी रखते थे। हालांकि, उनके शराब सेवन करने की भी बात सामने आई है।
फिलहाल मौत किन परिस्थितियों में हुई, शव कितने समय से कमरे में पड़ा था और मौत का वास्तविक कारण क्या है, इन सभी बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।
पुलिस जांच के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर सामने आएगी।