ई-साक्ष्य से मजबूत होगी पुलिस की विवेचना, 950 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को मिला डिजिटल पुलिसिंग का प्रशिक्षण। पांच दिवसीय कार्यशाला में ई-साक्ष्य एप, सीसीटीएनएस और नवीन कानूनों पर हुआ प्रशिक्षण; एसएसपी ने पुलिसकर्मियों से किए सीधा संवाद।

ई-साक्ष्य से मजबूत होगी पुलिस की विवेचना, 950 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को मिला डिजिटल पुलिसिंग का प्रशिक्षण। 

पांच दिवसीय कार्यशाला में ई-साक्ष्य एप, सीसीटीएनएस और नवीन कानूनों पर हुआ प्रशिक्षण; एसएसपी ने पुलिसकर्मियों से किए सीधा संवाद

जशपुर :- पुलिसिंग में आधुनिक तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के बीच जशपुर पुलिस को डिजिटल साक्ष्य संकलन और ई-साक्ष्य एप के प्रभावी उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया। जिला पंचायत जशपुर के सभागार में 15 से 19 सितंबर तक आयोजित पांच दिवसीय कार्यशाला में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को डिजिटल एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के सुरक्षित संकलन, रिकॉर्डिंग और विवेचना में उपयोग की जानकारी दी गई।

पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर द्वारा ऑनलाइन माध्यम से आयोजित प्रशिक्षण में ई-साक्ष्य एप के संचालन के साथ-साथ डिजिटल साक्ष्यों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित रखने और विवेचना को अधिक साक्ष्य आधारित बनाने के विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया गया।

950 से ज्यादा पुलिसकर्मियों से एसएसपी ने किया सीधा संवाद

कार्यशाला के प्रत्येक दिन प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सीधे संवाद किया। 

इस दौरान जिले के 950 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों से पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा कर उन्हें बदलते अपराधों और आधुनिक तकनीक के अनुरूप स्वयं को लगातार अपडेट रखने के निर्देश दिए गए।

एसएसपी डॉ० लाल उमेद सिंह ने नवीन कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, सीसीटीएनएस, ई-साक्ष्य और डिजिटल कार्यवाही में दक्षता हासिल करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि अपराध की बदलती प्रकृति को देखते हुए तकनीकी रूप से दक्ष पुलिसिंग समय की आवश्यकता है।

साइबर ठगी से बचाव के लिए गांव-गांव जागरूकता पर जोर

पुलिस कप्तान ने पुलिसकर्मियों को स्वयं साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने के साथ आम नागरिकों को भी ऑनलाइन ठगी, डिजिटल धोखाधड़ी और साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी देने के निर्देश दिए। 

वहीं थाना और चौकी स्तर पर साइबर जागरूकता अभियान को लगातार प्रभावी बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

हेलमेट और पुलिस मितान से मजबूत होगी कम्यूनिटी पुलिसिंग

कार्यशाला के दौरान हेलमेट जागरूकता अभियान को लगातार प्रभावी रूप से संचालित करने तथा पुलिस मितान के माध्यम से पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। अपराध नियंत्रण, यातायात जागरूकता और जनसुरक्षा के लिए कम्यूनिटी पुलिसिंग को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।

नशे से दूर रहने पुलिसकर्मियों को किया जागरूक

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वयं नशापान से दूर रहने तथा समाज में नशे के दुष्प्रभावों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने की अपील की। युवाओं और आम नागरिकों को नशे से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करने में पुलिस की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। 

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार, डीएसपी ट्रैफिक कुंज राम चौहान, रक्षित निरीक्षक जशपुर अमरजीत खूंटे सहित जिले के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post