कांसाबेल में गूंजा भारत माता की जयकारा, आतिशबाजी के बीच हॉकी स्टार मधु का हार्दिक अभिनंदन
कांसाबेल/जशपुर :- अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर भारत को स्वर्ण पदक दिलाकर लौटीं जशपुर की होनहार खिलाड़ी मधु सिदार का कांसाबेल में जिला हॉकी संघ एवं खेलप्रेमियों ने जोरदार स्वागत किया। अपनी बेटी की इस उपलब्धि पर गृहग्राम चिरोड़ा से पहुंचे माता-पिता और परिजनों की आंखों में खुशी साफ नजर आई।
मां ने आरती उतारकर बेटी का स्वागत किया, वहीं पिता ने सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया।
मधु सिदार के स्वागत के लिए कांसाबेल चौक पर बड़ी संख्या में खेलप्रेमी, स्थानीय खिलाड़ी, ग्रामीण और जिला हॉकी संघ के पदाधिकारी जुटे। मधु के पहुंचते ही आतिशबाजी कर खुशियां मनाई गईं, मिठाइयां बांटी गईं और फूलों की माला पहनाकर उनका नागरिक अभिनंदन किया गया। पूरे माहौल में भारत माता और मधु सिदार के जयकारे गूंजते रहे।
छठी कक्षा से थामा हॉकी का स्टिक, अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमका नाम
मीडिया से बातचीत में मधु सिदार ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और अपने कोच को दिया। उन्होंने बताया कि उन्होंने छठी कक्षा से हॉकी खेलना शुरू किया था। बिलासपुर में प्रशिक्षण के दौरान उनके खेल में और निखार आया, जिसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई और अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत के लिए स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं मधु ने कहा कि उनका अगला सपना ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर देश के लिए स्वर्ण पदक जीतना है।
पाकिस्तान के खिलाफ 19-0 की जीत में मधु ने दागे चार गोल
पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले को याद करते हुए मधु ने कहा कि उन्हें विश्वास था कि भारतीय टीम जीत हासिल करेगी। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान की टीम पहली बार खेल रही थी, लेकिन मुकाबला इस अंतर से समाप्त होगा, इसकी उम्मीद नहीं थी। भारत ने पाकिस्तान को 19-0 से शिकस्त दी, जिसमें मधु सिदार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार गोल दागे।
जशपुर को बताया हॉकी की नर्सरी, वॉल्टर कुजूर
जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष वाल्टर कुजूर ने मधु सिदार की उपलब्धि को पूरे जशपुर जिले और छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण बताया।
उन्होंने जशपुर को “हॉकी की नर्सरी” बताते हुए शासन-प्रशासन से प्रदेश में हॉकी को और बढ़ावा देने के लिए सक्रिय प्रयास करने की अपील की।
उन्होंने कबीरधाम की गीता यादव और जशपुर की मधु सिदार की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उम्मीद जताई कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बड़ी पहल करेगी।
खेलप्रेमियों ने बढ़ाया हौसला
स्वागत कार्यक्रम में जिला हॉकी संघ के उपाध्यक्ष संतोष चौधरी, वरिष्ठ खिलाड़ी अजय (बबलू) मुंदड़ा, स्टेप्स के संयोजक ज्योति प्रकाश लकड़ा, भोला राम, अभिमन्यु सिदार, हंसराज अग्रवाल, रिमिस, अंकित गोयल सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी, स्थानीय खिलाड़ी और नागरिक मौजूद रहे।
जशपुर की बेटी मधु सिदार की अंतरराष्ट्रीय सफलता ने एक बार फिर जिले की हॉकी प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाई है।