कुनकुरी के महुआटोली में गूंजा श्रद्धा का जयघोष: अवधूत बाबा के चतुर्थ महानिर्वाण दिवस पर भव्य भंडारा, पूजन महोत्सव में पहुंचे न्यायमूर्ति सीबी बाजपेयी।


कुनकुरी :- कुनकुरी क्षेत्र के महुआटोली स्थित श्री समवर्ती समूह संस्थान देवस्थानम् में परम पूज्य अवधूत बाबा श्री समूह रत्न राम जी के चतुर्थ महानिर्वाण दिवस के पावन अवसर पर 19 सितंबर को भव्य भंडारा एवं पूजन महोत्सव का आयोजन किया गया। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर बाबा के चरणों में श्रद्धा अर्पित की।

आयोजन के तहत सुबह समाधि का पूजन एवं हवन, इसके बाद विचार गोष्ठी तथा दोपहर में भंडारा, प्रसाद एवं वस्त्र वितरण किया गया। शाम को संध्याकालीन आरती और रात्रि में प्रसाद वितरण का कार्यक्रम भी रखा गया।

इसी अवसर पर छत्तीसगढ़ एवं मध्यप्रदेश की न्यायिक सेवा से लंबे समय तक जुड़े रहे न्यायमूर्ति माननीय श्री चन्द्र भूषण बाजपेयी (सीबी बाजपेयी) ने महुआटोली आश्रम पहुंचकर अवधूत बाबा श्री समूह रत्न राम जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। न्यायमूर्ति बाजपेयी के कर-कमलों से निर्धन महिला-पुरुषों को कंबल, साड़ी एवं अन्य वस्त्रों का वितरण किया गया।

इस दौरान जशपुर निवासी नेहरू सोनी ने भी न्यायमूर्ति श्री बाजपेयी से आत्मीय मुलाकात की। श्री सोनी ने बताया कि रायगढ़ में सीजेएम के पद पर रहते हुए उनके बंगले में न्यायमूर्ति बाजपेयी से उनकी पूर्व में मुलाकात हुई थी, जिसे न्यायमूर्ति बाजपेयी ने आज भी याद रखा। लंबे अंतराल के बाद हुई यह मुलाकात बेहद आत्मीय रही।

कार्यक्रम में आयोजकों ने श्रद्धालुओं से धार्मिक आयोजन में शामिल होकर पुण्य के भागी बनने तथा भंडारा आयोजन में सहयोग प्रदान करने की अपील की। महुआटोली आश्रम में दिनभर श्रद्धा, सेवा और भक्ति का माहौल बना रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post