फेसबुक पोस्टों पर भड़के पूर्व विधायक यूडी मिंज, अमित पाण्डेय के खिलाफ किया कुनकुरी थाने में FIR दर्ज।

फेसबुक पोस्टों पर भड़के पूर्व विधायक यूडी मिंज, अमित पाण्डेय के खिलाफ किया कुनकुरी थाने में FIR दर्ज।

कुनकुरी :- सोशल मीडिया पर साम्प्रदायिक वैमनस्य फैलाने, राष्ट्रीय एकता के प्रतिकूल एवं अपमानजनक पोस्ट प्रसारित करने के मामले में कुनकुरी पुलिस ने अमित पाण्डेय के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। 

शिकायत पूर्व विधायक एवं जिला कांग्रेस कमेटी जशपुर के अध्यक्ष उत्तमदान (यूडी) मिंज की ओर से की गई थी।

मिली जानकारी के अनुसार, मामले में अपराध क्रमांक 168/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 196(1), 353(2) BNS तथा SC/ST Act की धारा 
3(1)(U), 3(2)(V-क) के तहत विवेचना शुरू की गई है।

शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि आरोपी अमित पाण्डेय के फेसबुक अकाउंट से यूडी मिंज, कांग्रेस पार्टी एवं धार्मिक समुदाय को लेकर लगातार कई पोस्ट और वीडियो प्रसारित किए गए। 

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि कुछ पोस्टों में धार्मिक आधार पर समुदायों के बीच शत्रुता एवं वैमनस्य पैदा करने का प्रयास किया गया, जबकि अन्य पोस्टों के जरिए उनकी सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई।

पुलिस ने शिकायत की जांच के दौरान आवेदक यूडी मिंज, गवाह सरवर अली उर्फ पिंटू एवं संबंधित पक्ष से पूछताछ कर कथन दर्ज किए। जांच में प्रथम दृष्टया अपराध घटित होना पाए जाने पर आरोपी के विरुद्ध FIR दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।

शिकायत में सोशल मीडिया पोस्टों के स्क्रीनशॉट, पोस्ट एवं वीडियो के URL सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी प्रस्तुत किए गए हैं। साथ ही फेसबुक/मेटा से संबंधित इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड, लॉग और IP डेटा सुरक्षित कराने तथा आरोपी के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की मांग की गई है।

मामले में कथित मुख्य षड्यंत्रकारी और पोस्टों के पीछे किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका है या नहीं, इसकी भी जांच की मांग शिकायत में की गई है। पुलिस अब पूरे मामले की विवेचना कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post