कुनकुरी :- श्रीगणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर कुनकुरी पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। कुनकुरी थाना परिसर में थाना प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह चंद्रा के नेतृत्व में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने गणेश उत्सव समितियों, जनप्रतिनिधियों एवं नगर के गणमान्य नागरिकों के साथ उत्सव के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की।
इस दौरान बैठक में मुख्य रूप से एसडीएम नन्द जी पाण्डे, एसडीओपी विनोद कुमार मंडावी, तहसीलदार दिलीप गुप्ता, थाना प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह चंद्रा एवं नगर पालिका सीएमओ बुनकर सहित नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
शांति और भाईचारे के साथ मनाएं गणेश उत्सव
बैठक के दौरान अधिकारियों ने कहा कि गणेश उत्सव धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का पर्व है। इसे सभी लोग आपसी भाईचारे, सद्भाव और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं। शासन एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए आयोजन करने की अपील की गई।
एसडीएम नन्द जी पाण्डे ने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि गणेश उत्सव के दौरान आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की ऐसी गतिविधि न हो जिससे दूसरे व्यक्ति की धार्मिक भावनाएं आहत हों अथवा कानून- व्यवस्था प्रभावित हो। उन्होंने सभी समितियों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग करने की अपील की।
कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर रहेगी नजर
एसडीओपी विनोद कुमार मंडावी ने गणेश उत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक समझाइश दी। उन्होंने कहा कि आयोजन के दौरान निर्धारित नियमों का पालन किया जाए और किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए समितियां पुलिस एवं प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें। श्री गणेश विसर्जन में शराब पीकर ना आए, अन्यथा पुलिस को कार्यवाही करने मजबूर होना पड़ेगा।
उन्होंने विशेष रूप से अफवाहों से बचने की अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से किसी प्रकार की भ्रामक या विवादित जानकारी सामने आने पर उसे आगे प्रसारित न करें। यदि कहीं कोई विवाद अथवा अप्रिय स्थिति उत्पन्न होती है तो तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को इसकी सूचना दें, ताकि समय रहते स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।
गणेश उत्सव के समितियों से पुलिस का सीधा संवाद
बैठक में थाना प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह चंद्रा ने गणेश उत्सव समितियों से पुलिस-प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि उत्सव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में समितियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या आने पर पुलिस को तत्काल जानकारी दी जाए, ताकि उसका समय पर समाधान किया जा सके। थाना प्रभारी ने समितियों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर उत्सव को सफल बनाएं।
कानून-व्यवस्था बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी है और इसमें हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
पुलिस-प्रशासन की सक्रियता से शांतिपूर्ण आयोजन की तैयारी
गणेश उत्सव को लेकर आयोजित यह बैठक इस बात का संकेत है कि कुनकुरी पुलिस प्रशासन इस उत्सव के दौरान कानून- व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द को लेकर पूरी तरह अलर्ट है। बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उत्सव श्रद्धा, आस्था और भाईचारे के साथ मनाया जाए तथा किसी भी प्रकार के विवाद, अफवाह अथवा अशांति की स्थिति उत्पन्न न होने दी जाए।