जशपुर की बेटी ने बढ़ाया जिले का मान, RIE भोपाल- NCERT के 5 दिवसीय प्रशिक्षण के लिए शुभांगी पांडेय का चयन
वाणिज्य व्याख्याताओं के क्षमता विकास प्रशिक्षण में देशभर के चयनित शिक्षकों के साथ होंगी शामिल, आधुनिक शिक्षा पद्धतियों और डिजिटल तकनीक का लेंगी प्रशिक्षण
जशपुर/मनोरा :- जशपुर जिले के लिए गौरव का विषय है कि पीएम श्री सेजेस मनोरा की वाणिज्य व्याख्याता कु. शुभांगी पांडेय का चयन वाणिज्य व्याख्याताओं के क्षमता विकास हेतु आयोजित 5 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए हुआ है। यह प्रशिक्षण 21 से 25 सितंबर 2026 तक RIE भोपाल एवं NCERT में आयोजित किया जाएगा।
समग्र शिक्षा जशपुर के आदेशानुसार आयोजित इस प्रशिक्षण में देशभर से चयनित वाणिज्य शिक्षकों को विषयगत एवं आधुनिक शिक्षण पद्धतियों का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों के विषयगत ज्ञान, शिक्षण कौशल और तकनीकी दक्षता को विकसित करना तथा उन्हें राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुरूप आधुनिक एवं प्रभावी शिक्षण पद्धतियों से परिचित कराना है।
प्रशिक्षण के दौरान वाणिज्य विषय के नवीनतम पाठ्यक्रम, डिजिटल एवं तकनीकी संसाधनों, केस स्टडी आधारित शिक्षण, व्यावसायिक शिक्षा और विद्यार्थियों में कौशल विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही आधुनिक एवं नवाचारी शिक्षण तकनीकों के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर तरीके से विषय समझाने के तरीकों पर भी विशेष जोर रहेगा।
प्रशिक्षण में इन विषयों पर रहेगा फोकस।
आधुनिक एवं नवाचारी शिक्षण तकनीक।
NEP 2020 के अनुरूप वाणिज्य का अध्यापन।
डिजिटल टूल्स एवं तकनीकी संसाधनों का उपयोग।
केस स्टडी आधारित शिक्षण पद्धति।
व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास।
विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों एवं आधुनिक शिक्षा पद्धतियों का परिचय।
पीएम श्री सेजेस मनोरा के प्राचार्य श्री संसोधन मिंज ने कहा कि यह प्रशिक्षण शिक्षकों के लिए एक महत्वपूर्ण और उपयोगी अवसर है। इससे शिक्षकों की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, व्यावहारिक और आधुनिक शिक्षा प्रदान करने में मदद मिलेगी।
जशपुर जिले से पहली बार किसी वाणिज्य व्याख्याता का RIE भोपाल प्रशिक्षण के लिए चयन होना जिले और विद्यालय दोनों के लिए गौरव की बात है। शुभांगी पांडेय के चयन पर विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए प्रशिक्षण के सफल एवं सार्थक अनुभव की कामना की।