जशपुर - शिक्षक संघ ने की TET पात्र-अपात्र सूची और पदोन्नति प्रक्रिया तेज करने की मांग, 2023 बैच के शिक्षकों की परीक्षा अवधि जल्द समाप्त करने सौंपा ज्ञापन।

     Deepak Verma kunkuri 11/09/2026

जशपुर। शिक्षकों के अधिकार, सम्मान और लंबित सेवा संबंधी मामलों को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश विद्यालयीन शिक्षक संघ, जिला जशपुर ने मोर्चा खोलते हुए जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र सिन्हा को तीन अलग-अलग ज्ञापन सौंपे। संघ ने TET उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की पात्र-अपात्र सूची तत्काल जारी करने, पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी लाने और वर्ष 2023 में नियुक्त सहायक शिक्षकों की परीक्षा अवधि समाप्ति की कार्रवाई समय पर पूरी करने की मांग उठाई।

संघ ने स्पष्ट कहा कि शिक्षकों से जुड़ी प्रक्रियाओं को अनावश्यक रूप से लंबित रखने के बजाय विभाग द्वारा समयबद्ध कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि पात्र शिक्षकों को उनके अधिकारों का लाभ समय पर मिल सके।

TET पात्र-अपात्र सूची जल्द जारी करने की मांग

संघ ने सत्र 2026 में सहायक शिक्षक संवर्ग की पदोन्नति प्रक्रिया के तहत TET उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की पात्र-अपात्र सूची शीघ्र जारी करने की मांग की है। संघ का कहना है कि पदोन्नति की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है, ऐसे में पात्रता की स्थिति स्पष्ट करने के लिए सूची जारी करना जरूरी है।
संघ ने पूर्व में सौंपे गए ज्ञापन का हवाला देते हुए कहा कि पदोन्नति प्रक्रिया में ACR सहित निर्धारित मापदंडों का पालन किया जाना चाहिए। साथ ही, माननीय हाईकोर्ट बिलासपुर के निर्णय के अनुरूप पदोन्नति को केवल ज्वाइनिंग तिथि के आधार पर नहीं, बल्कि कैलेंडर वर्ष के आधार पर किए जाने की बात रखी गई।

पदोन्नति में देरी पर संघ ने जताई नाराजगी

संघ ने बताया कि लोक शिक्षण संचालनालय रायपुर द्वारा प्राचार्य पद पर पदोन्नति के लिए मिडिल स्कूल प्रधान पाठक के रूप में TET उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की जानकारी मांगी गई है। ऐसे में सहायक शिक्षक से प्रधान पाठक अथवा शिक्षक तथा शिक्षक से मिडिल स्कूल प्रधान पाठक एवं व्याख्याता पद पर पदोन्नति की प्रक्रिया को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं किया जाना चाहिए।

संघ ने विभाग से मांग की कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी कर पदोन्नति प्रक्रिया को गति दी जाए।

सितंबर में खत्म हो रही परीक्षा अवधि, समय पर हो नियमितीकरण

वर्ष 2023 में नियुक्त सहायक शिक्षकों की परीक्षा अवधि समाप्ति को लेकर भी संघ ने गंभीरता दिखाई है। संघ के अनुसार जिले में 2023 बैच के सहायक शिक्षकों की परीक्षा अवधि सितंबर 2026 में समाप्त हो रही है।
संघ ने संबंधित शिक्षकों की गोपनीय चरित्रावली (CR) जमा कराने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग की है, ताकि परीक्षा अवधि समाप्ति और नियमितीकरण की कार्रवाई समय पर हो सके। संघ का कहना है कि समय पर CR जमा नहीं होने से आगे की प्रक्रिया प्रभावित होती है और शिक्षकों को अनावश्यक मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। संघ ने बताया कि वर्ष 2022 में नियुक्त शिक्षकों के नियमितीकरण में भी लगभग चार माह की देरी हुई थी। ऐसे में इस बार ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए विभाग को पहले से ही कार्रवाई पूरी करनी चाहिए।

परामर्शदात्री समिति की बैठक बुलाने की मांग

शिक्षकों से जुड़े लंबित सेवा संबंधी मामलों के निराकरण के लिए संघ ने परामर्शदात्री समिति की बैठक शीघ्र बुलाने की मांग भी की है। संघ का कहना है कि शिक्षकों की समस्याओं पर विभाग और संगठन के बीच संवाद के माध्यम से समाधान निकाला जाना जरूरी है।

संघ ने शिक्षकों से वसूली और मानसिक प्रताड़ना जैसी घटनाओं पर भी चिंता जताते हुए विभाग से ठोस और समयबद्ध कार्रवाई की मांग की।

जिला पदाधिकारियों के नेतृत्व में सौंपा गया ज्ञापन

ज्ञापन संघ के जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार, प्रांत उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रेमी एवं प्रांत अध्यक्ष धरमदास बंजारे के निर्देशन में तथा जिला सचिव विजय कुमार पैंकरा के नेतृत्व में सौंपा गया।

इस दौरान जिला कार्यकारी अध्यक्ष मधु पैकरा, जिला उपाध्यक्ष अजय वर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अनुपमा कुजूर, जशपुर ब्लॉक अध्यक्ष देवकी प्रधान, फरसाबहार ब्लॉक अध्यक्ष अजय डडसेना, मीडिया प्रभारी निकिता नामदेव, प्रवक्ता स्वाति आदित्य, ब्लॉक संरक्षक हरिओम नागेश, सहसचिव कुलदीप बड़ा एवं सह-मीडिया प्रभारी बिनीता भोय सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

विभिन्न ब्लॉकों के पदाधिकारियों ने भी जिला पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। 

इनमें पत्थलगांव ब्लॉक अध्यक्ष रविशंकर पैंकरा एवं सचिव क्रांति पैंकरा, कांसाबेल ब्लॉक अध्यक्ष साधना भारती, सचिव ममता पटेल एवं सचिव अरविंद कुमार वर्मा, कुनकुरी ब्लॉक अध्यक्ष नमिता नायक एवं सचिव कुसुम लता निषाद, बगीचा ब्लॉक अध्यक्ष दिव्या ज्योति कुजूर एवं सचिव गीता भगत, दुलदुला ब्लॉक अध्यक्ष पुरुषोत्तम नेताम एवं सचिव नीलू कुजूर, मनोरा ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र कुमार यादव एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष देवचरण यादव तथा बगीचा ब्लॉक कार्यकारिणी अध्यक्ष चंद्रेश साहू शामिल रहे।

बहरहाल संघ ने उम्मीद जताई है कि जिला शिक्षा विभाग शिक्षकों की इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करेगा और TET सूची, पदोन्नति, परीक्षा अवधि समाप्ति तथा लंबित सेवा मामलों की प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post