रणजीता स्टेडियम में स्कॉर्पियो से खतरनाक स्टंटबाजी, जशपुर पुलिस ने ठोका ₹10,300 का जुर्माना, रील बनाना पड़ा महंगा।



जशपुर। रणजीता स्टेडियम में स्कॉर्पियो वाहन से खतरनाक स्टंटबाजी करना चालक को भारी पड़ गया। सार्वजनिक स्थान पर लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर लोगों की सुरक्षा खतरे में डालने के मामले में यातायात पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए ₹10,300 का समन शुल्क लगाया। पुलिस ने चालक को भविष्य में यातायात नियमों का उल्लंघन नहीं करने की सख्त हिदायत भी दी है।

पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को रणजीता स्टेडियम में स्कॉर्पियो चालक खतरनाक तरीके से वाहन चलाकर स्टंटबाजी कर रहा था। इस तरह की लापरवाही से चालक के साथ-साथ आसपास मौजूद लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए यातायात पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184, 196, 56/192 और 119/177 के तहत कार्रवाई की।

यातायात नियम तोड़ने वालों पर जशपुर पुलिस की नजर

जशपुर पुलिस यातायात नियमों के उल्लंघन पर लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 1 जनवरी से 20 अक्टूबर 2026 तक जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन के कुल 15,076 प्रकरणों में कार्रवाई की गई। इन मामलों में कुल ₹69,51,900 का समन शुल्क लगाया गया।

पुलिस की कार्रवाई में ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाना, बिना सीट बेल्ट वाहन चलाना, ओवरलोडिंग, नो पार्किंग, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी, मालवाहक वाहनों में यात्रियों का परिवहन और बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने जैसे मामले शामिल हैं।

पुलिस की दो टूक—सड़क पर स्टंटबाजी पड़ेगी भारी

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार और डीएसपी ट्रैफिक कुंज राम चौहान के मार्गदर्शन में यातायात नियमों के पालन के लिए कार्रवाई और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

इस दौरान लगातार जशपुर पुलिस आम नागरिकों से अपील कर रही है कि सार्वजनिक सड़कों और स्थानों पर वाहन से स्टंटबाजी न करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनें और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।

जशपुर पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का उद्देश्य केवल चालान से बचना नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखना है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post