दुख की घड़ी में परिवार को आर्थिक सहारा, मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की पहल से मिला 4 लाख का मुआवजा,, बेटी की मौत के बाद मुआवजे के लिए भटक रहा था परिवार, सीएम कैंप कार्यालय बगिया बना आशा का केंद्र।

जशपुर | 23 अक्टूबर 2026। जशपुर जिले के फरसाबहार तहसील अंतर्गत ग्राम बारो में आंगनबाड़ी सहायिका स्वर्गीय मनसुखनी बाई के परिवार को लंबे इंतजार के बाद 4 लाख रुपये का मुआवजा मिला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम सीएम कैंप कार्यालय बगिया में आवेदन सौंपकर मदद की गुहार लगाने के बाद संबंधित विभाग के माध्यम से मुआवजा प्रकरण में कार्रवाई की गई। आर्थिक सहायता मिलने से शोकाकुल परिवार को राहत मिली है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनसुखनी बाई आंगनबाड़ी सहायिका के रूप में कार्यरत थीं। आंगनबाड़ी केंद्र में खाना बनाने के दौरान आग लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गई थीं। उपचार के दौरान 24 जनवरी 2024 को उनका निधन हो गया था। इस दुखद घटना के बाद से ही परिवार मुआवजे की प्रतीक्षा कर रहा था।

पिता ने सीएम कैंप कार्यालय पहुंचकर मांगी थी मदद

बेटी की मौत के बाद आर्थिक संकट से जूझ रहे पिता रामसाय पैंकरा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम लिखित आवेदन सौंपकर सहायता की मांग की थी। उन्होंने सीएम कैंप कार्यालय बगिया पहुंचकर अपनी समस्या से अवगत कराया और लंबित मुआवजा प्रकरण के निराकरण की गुहार लगाई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री की पहल पर संबंधित विभाग के माध्यम से आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। इसके बाद परिवार को 4 लाख रुपये की मुआवजा राशि प्राप्त हुई। लंबे समय से सहायता की प्रतीक्षा कर रहे परिवार के लिए यह राशि आर्थिक संबल बनी है।

मुआवजा मिलने पर परिजनों ने जताया आभार

मुआवजा राशि मिलने के बाद स्वर्गीय मनसुखनी बाई के परिजनों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। परिवार के लिए यह सहायता ऐसे समय में मिली है, जब वे बेटी को खोने के दुख के साथ आर्थिक परेशानियों का भी सामना कर रहे थे।

जरूरतमंदों की समस्याओं के निराकरण का माध्यम बन रहा सीएम कैंप कार्यालय

मुख्यमंत्री का सीएम कैंप कार्यालय बगिया आम नागरिकों की समस्याओं और मांगों से जुड़े आवेदनों पर कार्रवाई के लिए एक महत्वपूर्ण माध्यम के रूप में काम कर रहा है। यहां प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके निराकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

रामसाय पैंकरा के परिवार को मुआवजा मिलना भी इसी प्रक्रिया का एक उदाहरण है। संबंधित विभाग के समन्वय और पहल के बाद परिवार को आर्थिक सहायता प्राप्त हुई। इस सहायता से परिवार को राहत मिली है और अन्य जरूरतमंद लोगों को भी अपनी समस्याओं के निराकरण की उम्मीद मिली है।

Post a Comment

Previous Post Next Post