जशपुर/पत्थलगांव :- पाकरगांव में बिजली पोल शिफ्टिंग के दौरान 11 हजार वोल्ट लाइन की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत के बाद शुरू हुआ धरना-प्रदर्शन आखिरकार करीब 17 घंटे बाद समाप्त हो गया। मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजा, नौकरी और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग को लेकर पहले सिविल अस्पताल के पास धरना दिया और बाद में NH-43 पर चक्काजाम कर दिया था।
हादसे के बाद परिजनों ने दोनों मृतक परिवारों को 50-50 लाख रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने और हादसे के लिए जिम्मेदार ठेकेदार व बिजली विभाग के अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की थी। शाम तक ठोस आश्वासन नहीं मिलने पर प्रदर्शनकारियों ने NH-43 पर चक्काजाम कर दिया, जिससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से वीडियो कॉल के जरिए भी बातचीत कर मृतक परिवारों को मुआवजा देने की मांग रखी गई। वहीं पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार प्रदर्शनकारियों से बातचीत करती रही।
देर रात करीब 17 घंटे चले धरना-प्रदर्शन के बाद पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में हुई बातचीत में दोनों मृतक परिवारों को 15-15 लाख रुपये मुआवजा देने पर सहमति बनी। इसके साथ ही दोनों परिवारों के एक-एक सदस्य को प्लेसमेंट के जरिए नौकरी देने और पत्थलगांव बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई एवं निलंबन की प्रक्रिया पर भी सहमति बनी।
इससे पहले मामले में विद्युत विभाग ने प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर कनिष्ठ यंत्री अमृत बेक को निलंबित किया है। वहीं ठेकेदार अंजनी अग्रवाल और उसके सहयोगी के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है। विद्युत विभाग के कार्यपालन यंत्री सजेंद्र मरकाम ने बताया।
समझौते के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने धरना व चक्काजाम समाप्त कर दिया, जिसके बाद NH-43 पर यातायात सामान्य कराया गया। मामले में पुलिस, प्रशासन और विद्युत विभाग की जांच जारी है।