शादी का झांसा, नाबालिग से दुष्कर्म और फिर मुंबई फरार! जशपुर पुलिस ने 24 साल के आरोपी को मुंबई से धर दबोचा।

पत्थलगांव से लापता 17 वर्षीय बालिका मुंबई के नालासोपारा में मिली, पुलिस ने सुरक्षित परिजनों को सौंपा; पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में कार्रवाई।

    30/10/2026


जशपुर। प्यार और शादी का झांसा देकर नाबालिग बालिका को अपने साथ ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पत्थलगांव थाना क्षेत्र से लापता 17 वर्षीय बालिका को पुलिस ने महाराष्ट्र के मुंबई महानगर क्षेत्र स्थित नालासोपारा से बरामद किया है। मामले में 24 वर्षीय आरोपी अजय पुरी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

🔴 रातोंरात लापता हुई थी नाबालिग

पुलिस के मुताबिक, 20 सितंबर 2026 को पत्थलगांव थाना क्षेत्र के एक गांव के निवासी ने अपनी नाबालिग बेटी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों के अनुसार, 17 सितंबर की रात परिवार खाना खाकर सो गया था। उस समय 17 वर्षीय बालिका अपने कमरे में पढ़ाई कर रही थी। अगले दिन सुबह जब परिजनों ने देखा, तो वह कमरे में नहीं मिली।


परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश की, लेकिन बालिका का कोई सुराग नहीं मिला। इस दौरान परिजनों ने अजय पुरी पर बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का संदेह जताया।

🚨 मुखबिर और टेक्निकल टीम की मदद से मुंबई पहुंची पुलिस

मामले में पत्थलगांव थाने में अपराध क्रमांक 208/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। नाबालिग की तलाश के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। इसी बीच मुखबिर से मिली सूचना, टेक्निकल टीम की मदद और परिजनों के सहयोग से पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी मुंबई के नालासोपारा में है और नाबालिग भी उसके साथ मौजूद है।


मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर पत्थलगांव थाने की विशेष टीम मुंबई रवाना की गई। पुलिस टीम ने लगातार पतासाजी करते हुए 27 अक्टूबर 2026 को बालिका को आरोपी के कब्जे से बरामद कर लिया।

⚖️ पीड़िता के बयान के बाद बढ़ीं गंभीर धाराएं

पुलिस के अनुसार, महिला पुलिस अधिकारी द्वारा दर्ज किए गए बयान में पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2024 में उसकी पहचान आरोपी अजय पुरी से हुई थी। आरोप है कि आरोपी शादी का आश्वासन देकर उसके संपर्क में रहा और अलग-अलग अवसरों पर उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए।


पीड़िता के मुताबिक, 18 सितंबर 2026 को आरोपी उसे काम दिलाने के बहाने मुंबई ले गया था, जहां दोनों रह रहे थे। वहीं पीड़िता के बयान और विवेचना में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(एम), 87 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 भी जोड़ी हैं।

👮 आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग परिजनों के सुपुर्द

पुलिस ने पीड़िता और आरोपी का चिकित्सकीय परीक्षण कराया। इसके बाद नाबालिग बालिका को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी अजय पुरी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

🔹 इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में पत्थलगांव थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार ताम्रकार, एएसआई लखेश कुमार साहू, आरक्षक आकाश और महिला आरक्षक शारदा नाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि पुलिस ने नाबालिग बालिका को मुंबई से बरामद कर परिजनों को सौंप दिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है और मामले में अग्रिम कार्रवाई जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post