कार्तिक मास में भक्ति की बही बयार, पमशाला के राधा - कृष्ण मंदिर में गूंज रहे भजन-कीर्तन के स्वर,
27 अक्टूबर से 24 नवंबर तक चलेगा धार्मिक आयोजन, सुबह-शाम भजन-कीर्तन में शामिल हो रहीं क्षेत्र की कीर्तन मंडलियां; सीएम साय की धर्मपत्नी कौशल्या साय ने श्रद्धालुओं से की सहभागिता की अपील।
जशपुर। कार्तिक मास के पावन अवसर पर जशपुर जिले के पमशाला स्थित ईब नदी तट पर बने श्री राधा-कृष्ण मंदिर में भक्ति और आध्यात्म का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। यहां 27 अक्टूबर से 24 नवंबर तक महीने भर चलने वाले भजन-कीर्तन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। प्रतिदिन सुबह और शाम मंदिर परिसर में गूंज रहे भक्ति गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है। श्रद्धालु भगवान श्री राधा-कृष्ण की आराधना में लीन होकर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति कर रहे हैं।
सुबह-शाम भजन-कीर्तन से भक्तिमय हो रहा मंदिर परिसर
अखिल भारतीय कंवर समाज, पमशाला के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम के तहत प्रतिदिन सुबह 8 बजे और शाम 5 बजे से भजन-कीर्तन किया जा रहा है। इसमें क्षेत्र की विभिन्न कीर्तन मंडलियां शामिल होकर भगवान श्री राधा-कृष्ण की महिमा का गुणगान कर रही हैं,
भजन-कीर्तन के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति के स्वर गूंज रहे हैं। कार्तिक मास में भगवान की आराधना और भजन-कीर्तन की इस परंपरा से श्रद्धालु धार्मिक गतिविधियों से जुड़ रहे हैं। आयोजन को लेकर क्षेत्र के भक्तों में उत्साह का माहौल है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी कौशल्या साय ने श्रद्धालुओं से की शामिल होने की अपील
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी एवं अखिल भारतीय कंवर समाज की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती कौशल्या साय ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं और भजन-कीर्तन मंडलियों से इस धार्मिक आयोजन में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान श्री राधा-कृष्ण की भक्ति में सहभागी बनकर पुण्य लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया है।
आयोजन को सफल बनाने के लिए अखिल भारतीय कंवर समाज, पमशाला के सदस्य जुटे हुए हैं। समाज के तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम कार्तिक मास की धार्मिक महत्ता के अनुरूप श्रद्धालुओं को भक्ति, साधना और आध्यात्मिक चिंतन से जुड़ने का अवसर प्रदान कर रहा है।
24 नवंबर तक जारी रहेगा भक्ति का सिलसिला
पमशाला के श्री राधा-कृष्ण मंदिर में यह भजन-कीर्तन कार्यक्रम 24 नवंबर तक जारी रहेगा। प्रतिदिन सुबह 8 बजे और शाम 5 बजे आयोजित होने वाले भजन-कीर्तन में श्रद्धालु शामिल होकर भगवान श्री राधा-कृष्ण की आराधना कर रहे हैं।
ईब नदी के पावन तट पर स्थित मंदिर में चल रहा यह धार्मिक आयोजन क्षेत्र में भक्ति और आध्यात्मिकता का वातावरण निर्मित कर रहा है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं और क्षेत्र की कीर्तन मंडलियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।