जशपुर - 4Fun एप से हुई दोस्ती, फिर निजी फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग! व्हाट्सएप पर वायरल कर जान से मारने की धमकी, आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार।
जशपुर। निजी अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने तथा पीड़िता और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने के मामले में जशपुर पुलिस ने आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शोवित उर्फ शोभित कुशवाहा पिता कृष्ण पाल, उम्र 24 वर्ष, निवासी उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 19 वर्षीय पीड़िता की अप्रैल 2024 में 4Fun एप्लीकेशन के माध्यम से आरोपी से पहचान हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच व्हाट्सएप पर बातचीत होने लगी। आरोप है कि आरोपी ने वीडियो कॉल के दौरान दबाव बनाकर पीड़िता की निजी तस्वीरें और वीडियो हासिल कर उनका स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर लिया।
इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर उक्त निजी फोटो-वीडियो को व्हाट्सएप ग्रुप में प्रसारित कर दिया। साथ ही बातचीत नहीं करने पर पीड़िता और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़िता की शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली जशपुर में अपराध क्रमांक 23/2026, बीएनएस की धारा 79, 351 तथा आईटी एक्ट की धारा 67, 67(ए) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
दिल्ली में मिला आरोपी, पुलिस टीम ने दबोचा
विवेचना के दौरान आरोपी के उत्तर प्रदेश स्थित गृह ग्राम में पुलिस ने पतासाजी की, लेकिन वह फरार था। पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी टीम को सक्रिय कर आरोपी के संभावित ठिकानों की तलाश शुरू की। इसी दौरान आरोपी के दिल्ली में होने की जानकारी मिली।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर सिटी कोतवाली जशपुर की विशेष टीम दिल्ली रवाना की गई। टीम ने आरोपी शोवित उर्फ शोभित कुशवाहा को दिल्ली से हिरासत में लेकर जशपुर लाया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड जब्त किए हैं। मोबाइल के व्हाट्सएप और गैलरी का गवाहों की मौजूदगी में अवलोकन कर पंचनामा तैयार किया गया तथा आवश्यक स्क्रीनशॉट भी लिए गए।
पुलिस के मुताबिक आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
कार्रवाई में सिटी कोतवाली जशपुर थाना प्रभारी निरीक्षक मोर ध्वज देशमुख, प्रधान आरक्षक विशाल गुप्ता एवं आरक्षक अविनाश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जशपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया या किसी ऑनलाइन माध्यम पर निजी फोटो-वीडियो के दुरुपयोग, ब्लैकमेलिंग, धमकी अथवा अश्लील सामग्री प्रसारित किए जाने की स्थिति में चुप न रहें और तत्काल पुलिस को सूचना दें।