दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिवारों को जशपुर पुलिस का संबल, आश्रितों को मिली अनुकंपा नियुक्ति। पुलिस कप्तान डॉ. लाल उमेद सिंह की संवेदनशील पहल, दो आश्रितों को आरक्षक जीडी के पद पर मिली नियुक्ति
जशपुर। पुलिस विभाग ने अपने कर्तव्यों के साथ-साथ दिवंगत पुलिसकर्मियों के आश्रित परिजनों के प्रति मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए दो परिवारों को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर दोनों प्रकरणों की विभागीय प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया गया।
स्वर्गीय आरक्षक जगलाल राम, आरक्षक क्रमांक 302, की पुलिस विभाग में भर्ती 25 अक्टूबर 2009 को हुई थी। उनके निधन के बाद परिवार को आर्थिक एवं सामाजिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से उनकी पत्नी श्रीमती प्रियंका भगत को आरक्षक जीडी के पद पर अनुकंपा नियुक्ति दी गई है।
इसी तरह स्वर्गीय आरक्षक बलपंथ राम, आरक्षक क्रमांक 441, की पुलिस विभाग में भर्ती 4 अप्रैल 2007 को हुई थी। उनके निधन के बाद उनके पुत्र टीकेश रवि को भी आरक्षक जीडी के पद पर अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की गई है।
पुलिस परिवार ने दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा
जशपुर पुलिस की ओर से नव-नियुक्त आरक्षकों को विभाग की ओर से हरसंभव सहयोग और मार्गदर्शन का भरोसा दिया गया है। पुलिस विभाग ने कहा कि दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखना विभाग की जिम्मेदारी है।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग का प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी और उनके परिजन एक परिवार की तरह हैं। किसी सदस्य के असमय निधन से परिवार के सामने आने वाली कठिन परिस्थितियों में पुलिस परिवार उनके साथ खड़ा है। अनुकंपा नियुक्ति का उद्देश्य आश्रित परिवार को आर्थिक एवं सामाजिक संबल प्रदान कर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना है।
पुलिस कप्तान ने दोनों नव-नियुक्त आरक्षकों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।