जशपुरनगर। गौवंश तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। ऑपरेशन शंखनाद के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने ग्राम फतेहपुर में कार्रवाई करते हुए 9 गौवंशों को तस्करों के कब्जे से मुक्त कराया है। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग बड़ी संख्या में गौवंशों को पैदल हांकते हुए मारते-पीटते झारखंड की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर सिटी कोतवाली पुलिस की टीम ग्राम फतेहपुर पहुंची।
मौके पर पुलिस ने देखा कि तीन व्यक्ति गौवंशों को तेजी से हांकते हुए ले जा रहे थे। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को हिरासत में लिया और उनके कब्जे से 9 गौवंशों को सकुशल बरामद किया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान धनसाय नगेशिया (25), निवासी गोविन्दपुर, थाना जारी, जिला गुमला, झारखंड; सरवर आलम (26), निवासी डड़गांव, चौकी मनोरा, जिला जशपुर; तथा मुर्शिद खान (38), निवासी गोविन्दपुर, जिला गुमला, झारखंड के रूप में हुई। पुलिस द्वारा गौवंशों से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
मामले में सिटी कोतवाली जशपुर में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(क)(घ) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पूछताछ में अपराध स्वीकार, भेजे गए जेल
विवेचना के दौरान पुलिस को आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिले। पूछताछ में आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद तीनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मामले से जुड़े अन्य संदिग्धों को भी चिन्हित किया है, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस की टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली जशपुर निरीक्षक मोर ध्वज देशमुख, सहायक उप निरीक्षक मनोज साहू, प्रधान आरक्षक सावित्री भगत, आरक्षक उपेंद्र सिंह, रवि राम तथा नगर सैनिक रवि डनसेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
“गौ तस्करी के खिलाफ ऑपरेशन शंखनाद जारी रहेगा”
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस गौ तस्करी पर लगातार नजर बनाए हुए है और सक्रिय मुखबिर तंत्र को और मजबूत किया गया है। कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई कर 9 गौवंशों को तस्करों से मुक्त कराया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि गौ तस्करी के विरुद्ध जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी रहेगा। ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।