07/10/2026
आकांक्षा टोप्पो सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर
सोशल मीडिया पर जनहित के मुद्दों को लेकर बेबाकी से अपनी बात रखने वाली आकांक्षा टोप्पो ने पहली बार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा की सार्वजनिक रूप से प्रशंसा की है। अपने वक्तव्य में उन्होंने कहा कि अन्याय के खिलाफ उनकी आवाज और तेवर आगे भी उसी तरह कायम रहेंगे, लेकिन अब अपनी भाषा और शब्दों की मर्यादा का विशेष ध्यान रखेंगी।
“बदले से नहीं, बड़प्पन से इंसान बदलता है” कहते हुए आकांक्षा ने स्वीकार किया कि सरकार, मंत्रियों और पुलिस-प्रशासन की आलोचना के दौरान उनकी भाषा कई बार कठोर और अमर्यादित रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के लिए पूर्व में इस्तेमाल किए गए कुछ शब्दों को भी अनुचित बताते हुए कहा कि आगे वे मुद्दों और तथ्यों पर मजबूती से अपनी बात रखेंगी, लेकिन भाषा को मर्यादित रखने का प्रयास करेंगी।
सोशल मीडिया विवाद और FIR के बाद बदला नजरिया
आकांक्षा के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर उनके चरित्र को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं और उन्हें परेशान किया गया। उनका कहना है कि रविवार को मामला उस समय गंभीर हो गया, जब उनकी गाड़ी का पीछा किया गया, रास्ता रोका गया और उनके साथ गाली-गलौज की गई।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा के लिए उन्हें एक होटल में शरण लेनी पड़ी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उनकी शिकायत पर FIR दर्ज की गई।
आकांक्षा टोप्पो सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर
आकांक्षा ने कहा कि बाद में उनके खिलाफ भी FIR दर्ज होने से वे निराश हुई थीं, लेकिन रवींद्र तिवारी के खिलाफ भी गंभीर धाराओं में FIR दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद उनका नजरिया बदला। उन्होंने तिवारी पर आदिवासी महिलाओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया और कहा कि इस संबंध में आदिवासी समाज की महिलाओं द्वारा शिकायत की गई थी।
“सही को सही बोलने की हिम्मत भी मुझमें होनी चाहिए”
आकांक्षा ने अपने वक्तव्य में कहा—
“अगर मैं गलत को गलत बोलने की हिम्मत रखती हूं, तो सही को सही बोलने की हिम्मत भी मुझमें होनी चाहिए।”
उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई किसी राजनीतिक दल से नहीं है, बल्कि उनका उद्देश्य न्याय और जनहित के पक्ष में आवाज उठाना है। उनका कहना है कि जिस मुख्यमंत्री की उन्होंने पहले कई बार कठोर भाषा में आलोचना की, यदि उसी शासन में उनकी शिकायत सुनी जाती है, सुरक्षा मिलती है और राजनीतिक पहचान से अलग कार्रवाई होती है, तो उस सकारात्मक पहलू को स्वीकार करना भी जरूरी है।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, गृह मंत्री विजय शर्मा के साथ ही आईजी सरगुजा दीपक कुमार झा, एसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल, कलेक्टर अजीत वसंत, आईपीएस राहुल बंसल सहित संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार जताया।
सरकार की तारीफ का मतलब सवालों पर विराम नहीं
आकांक्षा ने साफ किया कि सरकार और प्रशासन की प्रशंसा करने का अर्थ यह नहीं है कि वे आगे सवाल उठाना बंद कर देंगी।
उन्होंने कहा कि सड़क खराब होगी तो सवाल करेंगी, गरीब के साथ अन्याय होगा तो आवाज उठाएंगी और आदिवासी, महिला या किसी कमजोर व्यक्ति की आवाज दबाने की कोशिश होगी तो उसके लिए खड़ी रहेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस-प्रशासन से गलती होगी तो उनसे और सरकार से गलती होगी तो सरकार से भी सवाल किया जाएगा।
अब मुद्दा वही, तेवर वही… बदलेगी सिर्फ भाषा
आकांक्षा के मुताबिक उनके काम करने के तरीके में सबसे बड़ा बदलाव अब भाषा और शब्दों में दिखाई देगा। उनका प्रयास रहेगा कि किसी भी मुद्दे पर उनकी लड़ाई व्यक्तिगत या अमर्यादित भाषा के बजाय तथ्य, प्रमाण और मुद्दे पर केंद्रित हो।
अपने वक्तव्य के अंत में उन्होंने कहा—
“आकांक्षा वही रहेगी।
आवाज वही रहेगी।
तेवर वही रहेंगे।
लड़ाई वही रहेगी…
बस अब शब्द बदलेंगे।”
आकांक्षा टोप्पो का यह वक्तव्य इसलिए चर्चा में है क्योंकि इसमें उन्होंने एक ओर अपनी पूर्व भाषा को लेकर आत्मस्वीकार किया है, वहीं दूसरी ओर सरकार और प्रशासन की जिस कार्रवाई को उन्होंने सकारात्मक माना, उसकी सार्वजनिक रूप से सराहना की है। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि जनहित के मुद्दों पर सवाल उठाने और अन्याय के खिलाफ आवाज रखने का उनका सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।