जशपुर में राष्ट्रीय एकता की दौड़: पुलिस अफसरों, जवानों और विद्यार्थियों ने लगाई दौड़, दिया ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ का संदेश। कलेक्टर रोहित व्यास ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने सरदार पटेल के योगदान को किया याद।

     31/10/2026


जशपुर, 31 अक्टूबर 2026। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जशपुर पुलिस ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश देने के लिए एकता दौड़ का आयोजन किया। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कलेक्टर रोहित व्यास ने रणजीता स्टेडियम से हरी झंडी दिखाकर एकता दौड़ को रवाना किया। पुलिस अधिकारियों, जवानों और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।

रणजीता स्टेडियम से रक्षित केंद्र तक गूंजा एकता का संदेश

एकता दौड़ रणजीता स्टेडियम से प्रारंभ होकर महाराजा चौक होते हुए रक्षित केंद्र जशपुर के परेड ग्राउंड पहुंचकर संपन्न हुई। इस आयोजन में जिला पुलिस बल एवं छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ नव संकल्प और क्रीड़ा परिसर के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।


प्रतिभागियों ने एक साथ कदम से कदम मिलाकर दौड़ लगाते हुए राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव, अनुशासन और आपसी सहयोग का संदेश दिया। आयोजन का उद्देश्य सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को स्मरण करने के साथ ही नागरिकों में राष्ट्रीय एकता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह बोले—एकता ही भारत की सबसे बड़ी ताकत

कार्यक्रम के दौरान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए कहा कि स्वतंत्रता के बाद देश की विभिन्न रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण में सरदार पटेल का योगदान अतुलनीय रहा है। उनके राष्ट्र के प्रति समर्पण और ऐतिहासिक योगदान की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाता है।


पुलिस कप्तान ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकता और विविधता में समाहित एकजुटता है। देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखना किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने सभी से आपसी मतभेदों को भुलाकर एक-दूसरे के प्रति सम्मान, विश्वास और सहयोग की भावना बनाए रखने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।


उन्होंने कहा कि ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संकल्प तभी साकार होगा, जब प्रत्येक नागरिक देश की एकता और अखंडता के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझेगा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएगा।

आपसी भाईचारे और सद्भाव से मजबूत होगा राष्ट्र

कार्यक्रम के समापन अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार ने एकता दौड़ में शामिल पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन केवल शारीरिक गतिविधियों तक सीमित नहीं होते, बल्कि समाज में एकता, अनुशासन, आपसी भाईचारे और सहयोग की भावना को भी मजबूत करते हैं। जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर सभी को मिल-जुलकर रहना चाहिए। आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे से ही देश की एकता मजबूत होती है।


उन्होंने सभी से राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता बनाए रखने तथा देश की प्रगति और समृद्धि में अपना योगदान देने की अपील की।

पुलिस अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी हुए शामिल

एकता दौड़ के आयोजन में डीएसपी ट्रैफिक कुंज राम चौहान, एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह, रक्षित निरीक्षक अमरजीत खूंटे, सिटी कोतवाली जशपुर के थाना प्रभारी निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, प्रशिक्षु सूबेदार रविशंकर साहू सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। नव संकल्प एवं क्रीड़ा परिसर के छात्र-छात्राओं ने भी पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की।


जशपुर पुलिस के इस आयोजन ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता, शांति और सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम के माध्यम से यह आह्वान किया गया कि सभी नागरिक आपसी एकजुटता और सहयोग के साथ आगे बढ़ें, ताकि एक सशक्त, समृद्ध और श्रेष्ठ भारत का निर्माण किया जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post