चक्रवात अर्णब से जशपुर में धान की फसलों को भारी नुकसान
जशपुर। चक्रवाती तूफान अर्णब के असर से जशपुर जिले में मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले दो दिनों से हो रही बारिश और तेज हवाओं के चलते खेतों में खड़ी धान की फसल गिरने लगी है। जिले के कई इलाकों में धान सहित अन्य फसलों को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में किसानों की परेशानी और बढ़ सकती है। वहीं, कृषि विभाग ने फसलों को बचाने के लिए जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है।
तेज हवा और बारिश से गिरी धान की फसलें
जशपुर जिले में चक्रवात अर्णब के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बारिश और तेज हवाओं के कारण खेतों में खड़ी धान की फसल गिरने से किसानों को नुकसान की आशंका सता रही है। कई क्षेत्रों से फसलों के प्रभावित होने की जानकारी मिली है। मौसम की इस मार ने किसानों की मेहनत और उनकी उपज को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
कृषि वैज्ञानिकों की सलाह, कटाई में सावधानी
कृषि विज्ञान केंद्र जशपुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. राकेश भगत ने बताया कि आगामी दो दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार करीब 19 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है।
उन्होंने किसानों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान खड़ी फसल की कटाई से बचें। खेतों में पानी भरने की स्थिति में जल निकासी की व्यवस्था करें और कटी हुई फसल को तिरपाल से ढककर सुरक्षित रखें, ताकि बारिश से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।
नुकसान के आकलन के लिए सर्वे शुरू
वहीं, कृषि विभाग के एसडीओ राकेश पैंकरा ने बताया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में फसलों को नुकसान पहुंचने की जानकारी मिली है। नुकसान का वास्तविक आकलन करने के लिए मैदानी अधिकारियों को मौके पर भेजकर सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे पूरा होने के बाद रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।
अगले दिन किसानों के लिए अहम दिन
चक्रवात अर्णब के प्रभाव और लगातार बदलते मौसम के बीच जशपुर के किसानों की निगाहें अब अगले दिनों के मौसम पर टिकी हैं। बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहा, तो फसलों को और नुकसान होने की आशंका है। फिलहाल कृषि विभाग और कृषि विज्ञान केंद्र की सलाह है कि किसान मौसम पर नजर रखें और फसल की सुरक्षा के लिए जरूरी एहतियाती कदम उठाएं।