जशपुर / आदिवासी संस्कृति पर किसी एक धर्म का एकाधिकार नहीं — महासचिव अभिनंद खलखो।

जशपुर / आदिवासी संस्कृति पर किसी एक धर्म का एकाधिकार नहीं — महासचिव अभिनंद खलखो।

जशपुर, 3 अक्टूबर 2026। करम तथा तुसगो/नवाखानी जैसे पारंपरिक जनजातीय पर्वों को ईसाई आदिवासी समुदाय द्वारा मनाए जाने पर आपत्ति किए जाने और समुदाय पर लगाए जा रहे आरोपों के विरोध में ईसाई आदिवासी महासभा छत्तीसगढ़ के महासचिव श्री अभिनन्द ख़लख़ो के नेतृत्व में महासभा के सदस्यों ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक, जशपुर को ज्ञापन सौंपा।
महासभा ने जिला प्रशासन से ईसाई आदिवासियों के संवैधानिक एवं सांस्कृतिक अधिकारों की रक्षा करने तथा जिले में शांति और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया।
महासभा ने कहा कि जशपुर के ईसाई आदिवासी इसी क्षेत्र के मूल जनजातीय समाज का अभिन्न हिस्सा हैं। ईसाई धर्म स्वीकार करने से उनके पूर्वजों ने अपनी जनजातीय पहचान, भाषा, गोत्र, सामाजिक परंपराएं, पारंपरिक नृत्य-संगीत और सांस्कृतिक विरासत का परित्याग नहीं किया। ईसाई आदिवासी आज भी उन जनजातीय परंपराओं और सांस्कृतिक पर्वों को मनाते हैं, जो उनकी ईसाई आस्था के प्रतिकूल नहीं हैं।

ऐतिहासिक जनगणना अभिलेखों का दिया हवाला

महासभा ने ऐतिहासिक जनगणना अभिलेखों का उल्लेख करते हुए कहा कि आदिवासियों की पारंपरिक धार्मिक आस्था को औपनिवेशिक जनगणनाओं में पृथक रूप से अभिलिखित किया जाता रहा है। वर्ष 1881 की जनगणना में पारंपरिक जनजातीय आस्था का पालन करने वाली जनजातियों को धार्मिक वर्गीकरण में “Aboriginal” के रूप में पृथक स्थान दिया गया था। बाद की जनगणनाओं में “Animist” आदि वर्गीकरण भी प्रयुक्त हुए।

महासभा के अनुसार, इससे यह स्पष्ट होता है कि आदिवासी पहचान और संस्कृति को किसी एक वर्तमान धार्मिक पहचान का पर्याय मानना ऐतिहासिक तथ्यों के अनुरूप नहीं है।

पटना हाईकोर्ट के फैसले का भी किया उल्लेख

महासभा ने कार्तिक उरांव बनाम डेविड मुंजनी मामले में पटना उच्च न्यायालय के निर्णय का भी उल्लेख किया। महासभा के अनुसार, इस निर्णय में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर इस तथ्य पर विचार किया गया था कि ईसाई उरांव उन जनजातीय त्योहारों को भी मनाते हैं, जो ईसाई धर्म के सीधे विरोध में नहीं हैं तथा ईसाई धर्म स्वीकार कर लेने मात्र से उनकी उरांव जनजातीय पहचान समाप्त नहीं हो जाती।

महासभा ने कहा कि करम तथा तुसगो/नवाखानी उरांव आदिवासी समाज की पीढ़ियों से चली आ रही सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा हैं। नई फसल तैयार होने पर तुसगो/नवाखानी मनाना तथा पारंपरिक गीत-नृत्य के माध्यम से सामुदायिक खुशी व्यक्त करना ईसाई आदिवासियों की भी पैतृक सांस्कृतिक परंपरा है।


“आदिवासी संस्कृति पर किसी एक धर्म का एकाधिकार नहीं” महासचिव अभिनन्द ख़लख़ो ने कहा—

“आदिवासी संस्कृति पर किसी एक धर्म को मानने वाले लोगों का एकाधिकार नहीं हो सकता। हमारी धार्मिक आस्थाएं अलग हो सकती हैं, लेकिन हमारी जनजातीय जड़ें, भाषा, इतिहास और सांस्कृतिक विरासत साझा हैं। किसी आदिवासी को केवल उसकी धार्मिक आस्था के आधार पर अपनी पैतृक संस्कृति, नृत्य, गीत और परंपराओं का पालन करने से वंचित नहीं किया जा सकता।”

महासभा ने स्पष्ट किया कि वह प्रत्येक धर्म और समुदाय की धार्मिक आस्था, पूजा-पद्धति तथा परंपराओं का सम्मान करती है और किसी अन्य समुदाय की धार्मिक मान्यताओं में हस्तक्षेप का समर्थन नहीं करती। यदि किसी विशेष आयोजन में किसी व्यक्ति द्वारा कानून का उल्लंघन किया जाता है तो प्रशासन तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर विधि के अनुसार कार्रवाई कर सकता है। हालांकि, महासभा ने कहा कि पूरे ईसाई आदिवासी समुदाय के सांस्कृतिक अधिकारों पर सामूहिक प्रतिबंध लगाना उचित नहीं होगा।

सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील

महासभा ने चिंता व्यक्त की कि आदिवासी संस्कृति को धार्मिक आधार पर बांटने की कोशिश एक ही जनजातीय समाज के लोगों के बीच अनावश्यक दूरी, अविश्वास और तनाव पैदा कर सकती है। जशपुर में विभिन्न धार्मिक आस्थाओं को मानने वाले आदिवासी पीढ़ियों से साथ रहते आए हैं। इस सामाजिक सद्भाव और भाईचारे को बनाए रखना सभी पक्षों की जिम्मेदारी है।
महासभा ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से अनुरोध किया कि इस विषय में प्राप्त शिकायतों पर निष्पक्ष एवं तथ्यपरक दृष्टिकोण अपनाया जाए, सभी समुदायों के साथ समान व्यवहार सुनिश्चित किया जाए तथा ईसाई आदिवासी समुदाय के संवैधानिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक अधिकारों की रक्षा के साथ जिले में शांति और भाईचारा बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

महासभा के पदाधिकारी एवं सदस्य
अभिनन्द ख़लख़ो — महासचिव
गोस्नार टोप्पो — सलाहकार
दिनेश कुजूर — कोषाध्यक्ष
प्रदीप खेस — सदस्य
अलबिस खाखा — सदस्य
यूजिन मिंज — सदस्य
आश्रित खेस — मीडिया प्रभारी
ईसाई आदिवासी महासभा छत्तीसगढ़

जारीकर्ता : अभिनन्द ख़लख़ो
महासचिव ईसाई आदिवासी महासभा छत्तीसगढ़

Post a Comment

Previous Post Next Post